साहिबगंज के पतना में जिला स्तरीय पल्स पोलियो अभियान शुरू,सिविल सर्जन ने पिलाई दो बूंद
पतना में जिला स्तरीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ, सिविल सर्जन ने बच्चों को पिलाई पोलियो की दो बूंद

राजकुमार राही की रिपोर्ट,
पतना (साहिबगंज)। बच्चों को पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने और स्वस्थ भविष्य सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रविवार को पतना प्रखंड के केंदुआ पंचायत अंतर्गत हाटपाड़ा में जिला स्तरीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया गया। साहिबगंज के सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान ने बच्चों को पोलियो की दो बूंद खुराक पिलाकर अभियान की विधिवत शुरुआत की। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, कर्मियों और जनप्रतिनिधियों ने अभिभावकों से अपने पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य दिलाने की अपील की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में पतना के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. समसुल हक मौजूद रहे। दोनों अतिथियों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर अभियान का उद्घाटन किया। मौके पर स्वास्थ्य कर्मियों ने बुके देकर अतिथियों का स्वागत किया। इसके बाद बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई। खुराक पीने के बाद बच्चों को चॉकलेट देकर प्रोत्साहित भी किया गया।
हर बच्चे तक पहुंचेगी पोलियो की दो बूंद, अभिभावकों से सहयोग की अपील
सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों की सुरक्षा के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी गंभीरता से काम कर रहा है। अभियान में किसी भी बच्चे का छूटना नहीं चाहिए। शून्य से पांच वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की खुराक पिलाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि यह केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का सामूहिक दायित्व है।
उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को निर्धारित अभियान के तहत पोलियो की खुराक जरूर पिलाएं। साथ ही अपने आसपास रहने वाले अन्य परिवारों को भी जागरूक करें, ताकि कोई भी बच्चा इस सुरक्षा अभियान से वंचित न रह जाए। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी और स्वास्थ्य कर्मियों की सक्रियता से ही अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाया जा सकता है।

एएमआर के खतरे से बचाव के लिए स्वच्छता पर दिया जोर
पल्स पोलियो अभियान के साथ ही हाटपाड़ा में विश्व एएमआर जागरूकता सप्ताह के तहत विशेष कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। यह जागरूकता सप्ताह 18 से 24 नवंबर तक मनाया जा रहा है। वर्ष 2026 की थीम ‘वन हेल्थ, वन एक्शन : प्रिवेंट एएमआर नाउ’ रखी गई है।
इस दौरान लोगों को एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस (एएमआर) के खतरों और इसकी रोकथाम के उपायों की जानकारी दी गई। स्वास्थ्य कर्मियों ने बताया कि संक्रमण से बचाव के लिए व्यक्तिगत स्वच्छता, नियमित साफ-सफाई और स्वस्थ आदतें अपनाना बेहद जरूरी है। लोगों से अपने घरों के साथ-साथ आसपास के सार्वजनिक स्थलों को भी स्वच्छ रखने की अपील की गई।
स्वास्थ्य अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में राज्य प्रतिनिधि डॉ. अंजुम इकबाल, झामुमो प्रखंड सचिव मोहम्मद शहबाज, केंदुआ पंचायत समिति सदस्य राजेश यादव, इसराफिल अंसारी, अनूप साहा, डब्ल्यूएचओ आरआरटी डॉ. सुमित कुमार यादव, तौसीफ अहमद, मुजाहिद अख्तर, पीटर सोरेन, डॉ. दीपक मिश्रा एवं मेडिकल ऑफिसर डॉ. कुणाल किशोर उपस्थित रहे।

इसके अलावा बीडीएम, एमपीडब्ल्यू, सीएचओ, एएनएम, बीटीटी, सहिया साथी और सहिया सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मियों ने भी अभियान में सक्रिय भूमिका निभाई।
![]()




