महुआडांड़ में सड़क हादसे में 25 वर्षीय नितेश की मौत, रांची मोड़ पर अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर
अस्पताल ले जाने की कोशिश के दौरान दूसरा हादसा बना जानलेवा, 25 वर्षीय नितेश की दर्दनाक मौत

- बेलटोली में घायल अवस्था में मिला था युवक, इलाज के लिए ले जाने के दौरान रांची मोड़ के पास अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर; परिवार में मचा कोहराम
महुआडांड़ (लातेहार)। महुआडांड़ थाना क्षेत्र के बेलटोली में रविवार शाम करीब 5 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में 25 वर्षीय नितेश कुमार सिंह की मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही इलाके में शोक की लहर दौड़ गई, वहीं मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मिली जानकारी के अनुसार, नितेश राजदंडा मार्ग पर बेलटोली के समीप घायल अवस्था में पड़ा मिला था। इसके बाद उसके दोस्त बिक्की कुमार (20 वर्ष) समेत अन्य साथी उसे इलाज के लिए महुआडांड़ अस्पताल लेकर जा रहे थे। बताया जाता है कि अस्पताल ले जाने के दौरान नितेश की सांसें चल रही थीं। इसी बीच रांची मोड़ के पास एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से दूसरा हादसा हो गया। इस दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल नितेश की मौत हो गई।
एक घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाने की कोशिश के दौरान हुए इस दूसरे हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। महज 25 वर्ष की उम्र में नितेश की असामयिक मौत से परिजनों और परिचितों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

इधर, थाना प्रभारी अमित कुमार रविदास के निर्देश पर पुलिस मामले की जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई में जुटी है। थाना प्रभारी ने आम लोगों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने तथा दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि सड़क पर की गई छोटी-सी लापरवाही भी किसी की जिंदगी पर भारी पड़ सकती है। इसलिए वाहन चलाते समय सावधानी बरतें, यातायात नियमों का पालन करें और अपनी सुरक्षा के साथ दूसरों की जिंदगी का भी ख्याल रखें।
![]()




