महुआडांड़ में SSB का जनकल्याण अभियान, 100 ग्रामीणों को कंबल और 100 महिलाओं को मिली साड़ी
ठंड में SSB ने पेश की इंसानियत की मिसाल, 100 ग्रामीणों को कंबल और 100 महिलाओं को बांटी साड़ी

अलोक कुमार गुप्ता की रिपोर्ट,
महुआडांड़ (लातेहार)। ठंड के मौसम में जरूरतमंदों को राहत पहुंचाने और ग्रामीणों से जुड़ाव मजबूत करने के उद्देश्य से सशस्त्र सीमा बल (SSB) की 32वीं वाहिनी की ओर से महुआडांड़ प्रखंड के नक्सल प्रभावित एवं सुदूरवर्ती गांवों में नागरिक कल्याण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान 100 गरीब एवं जरूरतमंद ग्रामीणों के बीच कंबल तथा 100 महिलाओं के बीच साड़ियों का वितरण किया गया।
कार्यक्रम का नेतृत्व 32वीं वाहिनी के कमांडेंट श्री राजेश सिंह ने किया। इस अवसर पर सहायक कमांडेंट श्री अभिषेक कुमार गौरव एवं श्री पंकज कुमार चौहान भी उपस्थित रहे। कंबल एवं साड़ी वितरण कार्यक्रम ए-समवाय, तिसिया में आयोजित किया गया। इसमें एसएसबी के ‘डी’ समवाय नवाटोली एवं ‘ए’ समवाय तिसिया के कार्यक्षेत्र में आने वाले गांवों के जरूरतमंद लोगों को लाभान्वित किया गया।

कार्यक्रम में अक्सी पंचायत की मुखिया श्रीमती राजोलिया टोप्पो, कुजरूम के ग्राम प्रधान उपेन्द्र उरांव तथा तिसिया के ग्राम प्रधान विजय किसान सहित विभिन्न गांवों के ग्रामीण मौजूद रहे। कुजरूम, बुग्लूडीह, लाटू, नवाटोली एवं तिसिया गांव के कुल 100 जरूरतमंद ग्रामीणों को कंबल और 100 महिलाओं को साड़ी प्रदान की गई। सामग्री पाकर ग्रामीणों के चेहरों पर खुशी और संतोष देखने को मिला।
SSB सिर्फ सुरक्षा ही नहीं, सामाजिक सेवा के लिए भी प्रतिबद्ध : कमांडेंट
इस अवसर पर कमांडेंट श्री राजेश सिंह ने कहा कि सशस्त्र सीमा बल केवल सीमाओं की सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि आंतरिक सुरक्षा के साथ-साथ समाज के गरीब, जरूरतमंद एवं वंचित वर्गों के कल्याण के लिए भी प्रतिबद्ध है। हमारा प्रयास है कि विकास की रोशनी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और कोई भी जरूरतमंद सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
उन्होंने कहा कि वामपंथी उग्रवाद से प्रभावित एवं सुदूरवर्ती क्षेत्रों के लोगों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना बेहद जरूरी है। इसके लिए वाहिनी की ओर से नागरिक कल्याण कार्यक्रम के तहत रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण, कौशल विकास, स्वरोजगार, उन्नत कृषि तकनीक एवं महिला सशक्तिकरण से जुड़े कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं।
इसके अलावा मानव चिकित्सा एवं पशु चिकित्सा शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों और उनके पशुधन को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाता है। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, नशा मुक्त भारत अभियान, सुकन्या समृद्धि योजना, एक भारत श्रेष्ठ भारत एवं वृक्षारोपण जैसे अभियानों के प्रति भी ग्रामीणों को जागरूक किया जा रहा है।
कंबल पाकर बुजुर्गों और जरूरतमंदों के चेहरों पर राहत की खुशी दिखी, वहीं साड़ी मिलने से महिलाओं में भी उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणों ने एसएसबी की इस पहल की सराहना करते हुए जवानों के प्रति आभार जताया। सुरक्षा के साथ सामाजिक सरोकार निभाने की इस पहल ने ग्रामीणों और सुरक्षा बलों के बीच विश्वास एवं अपनापन मजबूत करने का संदेश दिया।
![]()




