झारखंड समाचारपाकुड़स्थानीय समाचार
Trending

बेमौसम बारिश ने साहिबगंज के किसानों की बढ़ाई चिंता, खेतों में बिछी धान की फसल, खलिहानों में भीगी उपज

मयूरकोला से फतेहपुर तक धान की कटाई ठप, बालियों में अंकुरण और फसल में सड़न का खतरा; किसानों की सालभर की कमाई पर मंडराया संकट

Views: 22
0 0
Read Time:4 Minute, 28 Second

रिपोर्ट केशव तिवारी,

कोटालपोखर। चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के प्रभाव से हुई बेमौसम बारिश ने साहिबगंज जिले के किसानों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। महीनों की मेहनत के बाद पककर तैयार हुई धान की फसल अब बर्बादी के कगार पर पहुंचती दिख रही है। तेज हवाओं के कारण खेतों में खड़ी धान की बालियां जमीन पर बिछ गई हैं, जबकि कटाई के बाद खलिहानों में रखी उपज बारिश में भीग रही है। खेतों में जलजमाव, कटाई में बाधा और भीगी फसल में सड़न की आशंका ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। मौसम की इस दोहरी मार से उनकी सालभर की कमाई पर संकट मंडराने लगा है।

जिले के मयूरकोला, विजयपुर, पथरिया, फतेहपुर सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों में लगातार रुक-रुककर हो रही बारिश ने खेती-किसानी की रफ्तार रोक दी है। कई स्थानों पर तेज हवाओं से धान की पकी बालियां खेतों में गिर गयी हैं। वहीं, खेतों में पानी और कीचड़ जमा होने के कारण किसान समय पर कटाई नहीं कर पा रहे हैं। जिन किसानों ने किसी तरह फसल काट ली थी, उनकी उपज भी खलिहानों में भीगकर नुकसान की आशंका बढ़ा रही है।

बेमौसम बारिश ने साहिबगंज के किसानों की बढ़ाई चिंता, खेतों में बिछी धान की फसल, खलिहानों में भीगी उपज

खेतों में बिछी फसल, खलिहानों में भीगी उपज; किसान बेबस

बारिश ने उन किसानों को भी नहीं बख्शा, जिन्होंने समय रहते धान की कटाई कर ली थी। खेतों और खलिहानों में सुखाने के लिए रखी गयी फसल लगातार बारिश से भीग गयी है। अब किसान अपनी मेहनत की उपज को बचाने के लिए जद्दोजहद कर रहे हैं। लगातार नमी बनी रहने से धान में फफूंद लगने, दाने काले पड़ने और सड़न की आशंका बढ़ गयी है। ऐसे में किसानों को उत्पादन के साथ-साथ उसकी गुणवत्ता को लेकर भी चिंता सता रही है।

एक-दो दिन धूप नहीं निकली तो अंकुरण से बर्बादी का खतरा

किसानों की निगाहें अब आसमान पर टिकी हैं। उनका कहना है कि यदि अगले एक-दो दिनों तक पर्याप्त धूप नहीं निकली, तो खेतों में गिरी धान की बालियों और भीगी उपज के दानों में अंकुरण शुरू हो सकता है। इससे धान की गुणवत्ता बुरी तरह प्रभावित होगी और बाजार में उचित कीमत मिलना भी मुश्किल हो सकता है। लगातार बारिश ने किसानों को ऐसे मोड़ पर ला खड़ा किया है, जहां मौसम की थोड़ी-सी और बेरुखी बड़ा नुकसान करा सकती है।

धान खराब हुआ तो कर्ज, परिवार और अगली खेती पर एक साथ पड़ेगी मार

किसानों के लिए धान सिर्फ एक फसल नहीं, बल्कि पूरे साल की आर्थिक व्यवस्था का आधार है। इसी उपज से परिवार का भरण-पोषण, कृषि ऋण की अदायगी और अगली फसल की तैयारी होती है। यदि धान बर्बाद हुआ, तो किसानों के सामने कर्ज चुकाने से लेकर घरेलू जरूरतें पूरी करने तक का संकट खड़ा हो सकता है। गेहूं, सरसों और चना की अगली बुवाई की तैयारी भी प्रभावित होने की आशंका है।

मौसम की मार से टूटी उम्मीदें, राहत की आस में किसान

कटाई के ऐन मौके पर हुई बेमौसम बारिश ने किसानों की पूरी आर्थिक गणित बिगाड़ दी है। खेतों में खड़ी फसल और खलिहानों में रखी उपज को बचाने की जद्दोजहद के बीच किसान मौसम साफ होने की प्रतीक्षा कर रहे हैं। अब सवाल सिर्फ धान की फसल का नहीं, बल्कि किसानों की महीनों की मेहनत, सालभर की कमाई और आने वाले कृषि सीजन का है।

Loading

Happy
Happy
0 %
Sad
Sad
0 %
Excited
Excited
0 %
Sleepy
Sleepy
0 %
Angry
Angry
0 %
Surprise
Surprise
0 %

About The Author

Related Articles

Average Rating

5 Star
0%
4 Star
0%
3 Star
0%
2 Star
0%
1 Star
0%

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button