झारखंड समाचारपाकुड़स्थानीय समाचार
Trending

चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का असर, कोटालपोखर में लगातार दूसरे दिन बारिश और ठंड से जनजीवन प्रभावित

दो दिनों से नहीं निकली धूप, बाजारों में घटी चहल-पहल; ठंडी हवाओं और कनकनी से लोग परेशान

Views: 40
0 0
Read Time:3 Minute, 46 Second

रिपोर्ट : निशांत कुमार सानू,

कोटालपोखर। बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का असर कोटालपोखर क्षेत्र में भी दिखाई देने लगा है। लगातार दूसरे दिन शनिवार को मौसम का मिजाज बिगड़ा रहा। आसमान में बादलों का डेरा, रुक-रुककर हो रही बारिश और ठंडी हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। दो दिनों से धूप नहीं निकलने और तापमान में गिरावट के कारण ठंड का एहसास बढ़ गया है। सुबह से शाम तक जारी कनकनी ने आम जनजीवन की रफ्तार धीमी कर दी है।

दो दिनों से सूर्यदेव के दर्शन नहीं, ठंडी हवाओं ने बढ़ाई कनकनी

गुरुवार से ही क्षेत्र में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। शुक्रवार सुबह से आसमान में बादलों का पहरा रहा और पूरे दिन धूप नहीं निकली। शनिवार को भी यही स्थिति बनी रही। रुक-रुककर हुई बारिश के साथ चल रही ठंडी हवाओं ने लोगों को गर्म कपड़ों में रहने पर मजबूर कर दिया। ठंड से बचने के लिए कई जगहों पर लोग अलाव का सहारा लेते दिखे। अचानक बदले मौसम ने लोगों की दिनचर्या को प्रभावित कर दिया है।

चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का असर, कोटालपोखर में लगातार दूसरे दिन बारिश और ठंड से जनजीवन प्रभावित

बाजारों की रौनक गायब,सड़कों पर पसरा सन्नाटा

मौसम की बेरुखी का असर कोटालपोखर बाजार में साफ दिखाई दिया। सामान्य दिनों में गुलजार रहने वाले बाजार में शनिवार को ग्राहकों की आवाजाही कम रही। दुकानदार भी ग्राहकों का इंतजार करते नजर आये। स्कूल जाने वाले बच्चों, कामकाजी लोगों और मजदूरों को बारिश व ठंडी हवाओं के बीच परेशानी उठानी पड़ी। जरूरी काम होने पर ही लोग घरों से बाहर निकले। खेतों में काम करने वाले किसानों की दिनचर्या भी प्रभावित हुई। हालांकि, हल्की बारिश से रबी फसलों को फायदा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

अगले दो दिनों तक बादलों का डेरा, ठंड बढ़ने के आसार

मौसम के बदले मिजाज के बीच अगले दो दिनों तक आसमान में बादल छाये रहने और ठंडी हवाएं चलने की संभावना जताई जा रही है। इसके बाद मौसम साफ होने की उम्मीद है, लेकिन तापमान में और गिरावट आने से ठंड का असर बढ़ सकता है। ऐसे में लोगों को फिलहाल मौसम की मार से राहत मिलने के आसार कम हैं।

बच्चों और बुजुर्गों पर बढ़ा ठंड का खतरा, सतर्क रहने की अपील

बदलते मौसम को देखते हुए चिकित्सकों ने लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। बच्चों और बुजुर्गों को ठंड से बचाने, गर्म कपड़े पहनने तथा सुबह-शाम अतिरिक्त सतर्कता रखने की अपील की गई है। सर्दी, खांसी या बुखार के लक्षण दिखने पर चिकित्सकीय परामर्श लेने को कहा गया है। इधर, प्रशासन भी मौसम की स्थिति पर नजर बनाये हुए है और लोगों से खराब मौसम में अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने की अपील की गई है।

Loading

Happy
Happy
0 %
Sad
Sad
0 %
Excited
Excited
0 %
Sleepy
Sleepy
0 %
Angry
Angry
0 %
Surprise
Surprise
0 %

About The Author

Related Articles

Average Rating

5 Star
0%
4 Star
0%
3 Star
0%
2 Star
0%
1 Star
0%

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button