सीआरएम टीम के दौरे से पहले स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, सिविल सर्जन ने तीन स्वास्थ्य संस्थानों का किया औचक निरीक्षण
जिला अस्पताल समेत पीएचसी धर्मपुर और आयुष्मान आरोग्य मंदिर चटकम की व्यवस्थाओं का लिया जायजा, कमियां दूर करने के लिए अधिकारियों को दी समय सीमा

रिपोर्ट:निशांत कुमार सानू,
पाकुड़ : कॉमन रिव्यू मिशन (सीआरएम) टीम के प्रस्तावित दौरे को लेकर पाकुड़ का स्वास्थ्य महकमा एक्शन मोड में आ गया है। टीम के निरीक्षण से पहले स्वास्थ्य संस्थानों की व्यवस्था दुरुस्त करने की कवायद तेज हो गयी है। इसी कड़ी में बुधवार को सिविल सर्जन डॉ. प्रवीण कुमार संथालिया ने जिला अस्पताल पाकुड़ समेत तीन स्वास्थ्य संस्थानों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने साफ-सफाई, मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं, चिकित्सकीय सेवाओं, मानव संसाधन, दवाओं और जरूरी उपकरणों की उपलब्धता की बारीकी से जांच की।
जिला अस्पताल से लेकर ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंची टीम
सिविल सर्जन ने जिला अस्पताल पाकुड़, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धर्मपुर और आयुष्मान आरोग्य मंदिर चटकम का निरीक्षण किया। इस दौरान विभिन्न स्वास्थ्य इकाइयों में उपलब्ध सुविधाओं और स्वास्थ्य कार्यक्रमों के संचालन की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं स्वास्थ्यकर्मियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली और जहां भी कमियां मिलीं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर तत्काल दूर करने का निर्देश दिया।

साफ-सफाई से लेकर रिकॉर्ड तक दुरुस्त रखने की हिदायत
निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन ने अस्पताल परिसर और सभी सेवा इकाइयों में स्वच्छता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। दवाओं और आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ विभागीय अभिलेखों को भी अद्यतन एवं व्यवस्थित रखने का निर्देश दिया।
समय सीमा तय, अनुपालन प्रतिवेदन भी देना होगा
सीआरएम टीम के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए सिविल सर्जन ने सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि चिकित्सकीय सेवाओं,आधारभूत सुविधाओं और विभागीय दस्तावेजों में किसी तरह की कमी नहीं रहनी चाहिए।
सभी संबंधित अधिकारियों को कमियों में सुधार कर अनुपालन प्रतिवेदन सौंपने की हिदायत दी गयी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य संस्थानों में व्यवस्थाओं को बेहतर बनाना और आम लोगों को सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
![]()





