राष्ट्रीय स्कूल गेम्स में साहिबगंज के छह एथलीट दिखाएंगे दम,झारखंड टीम में मिली जगह
शिवपुरी में 12 से 16 नवंबर तक होगी 70वीं नेशनल स्कूल गेम्स अंडर-17 एथलेटिक्स चैंपियनशिप, राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के आधार पर हुआ चयन

साहिबगंज।राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में साहिबगंज के खिलाड़ियों ने जिले का मान बढ़ाया है। मध्य प्रदेश के शिवपुरी में 12 से 16 नवंबर तक आयोजित होने वाली 70वीं नेशनल स्कूल गेम्स एथलेटिक्स अंडर-17 चैंपियनशिप में जिले के छह होनहार एथलीट झारखंड टीम की ओर से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के दम पर इन खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता में जगह पक्की की है। सभी चयनित खिलाड़ी सोमवार को रांची होते हुए शिवपुरी के लिए रवाना हो गये।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन का मिला इनाम
स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया और मध्य प्रदेश सरकार के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रीय प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। इससे पहले झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची की ओर से 3 और 4 अक्टूबर को बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम, होटवार में खेलो झारखंड राज्य स्तरीय अंडर-17 एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। इसमें बेहतर प्रदर्शन करने वाले साहिबगंज के छह खिलाड़ियों को झारखंड टीम में शामिल किया गया है।
आवासीय प्रशिक्षण केंद्र के सभी छह खिलाड़ी चयनित
खास बात यह है कि चयनित सभी छह खिलाड़ी सिदो-कान्हू स्टेडियम, साहिबगंज में खेल विभाग की ओर से संचालित आवासीय बालक एथलेटिक्स क्रीड़ा प्रशिक्षण केंद्र के प्रशिक्षु हैं। केंद्र के कोच योगेश यादव ने कहा कि अंडर-17 वर्ग में एक साथ छह खिलाड़ियों का राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित होना पूरे जिले के लिए गौरव की बात है। उन्होंने उम्मीद जतायी कि सभी खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन कर जिले और झारखंड का नाम रोशन करेंगे।
अलग-अलग स्पर्धाओं में चुनौती पेश करेंगे खिलाड़ी
राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित खिलाड़ियों में सामू मरांडी 400 मीटर हर्डल्स, संतोष मुर्मू ट्रिपल जंप, जमादार केरई ऊंची कूद, जमशेद अंसारी 5000 मीटर पैदल चाल, पृथ्वी राज मंडल जेवलिन थ्रो तथा सानू कुमार यादव डिस्कस और जेवलिन थ्रो स्पर्धा में अपनी चुनौती पेश करेंगे।

अधिकारियों और खेल संघ ने बढ़ाया खिलाड़ियों का हौसला
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर डीसी दीपक कुमार दुबे, पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह, उपविकास आयुक्त सतीश चंद्रा, परियोजना निदेशक संजय कुमार, जिला खेल पदाधिकारी नयन कुमार, जिला शिक्षा अधीक्षक उर्मिला हांसदा, एपीओ शबनम तबस्सुम, जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष राजेश यादव, कल्याण श्रीवास्तव, ओम तसत, सचिव माधव चंद्र घोष, संतोष कुमार उर्फ टिंकू, राजस्थान इंटर विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य ओम प्रकाश गुप्ता, कौशल किशोर मरांडी, कोच अशोक कुमार, निमाई चौधरी, आदित्य कुमार, बमबम कुमार, राकेश राका, बिरेंद्र साह और मृत्युंजय राय सहित जिले के खेलप्रेमियों ने शुभकामनाएं दीं। सभी ने खिलाड़ियों से राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर साहिबगंज का गौरव बढ़ाने की अपील की।
![]()





