हरिहरगंज में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, 55 किलो मिठाई एवं चाट नष्ट; चार खाद्य नमूने जांच के लिए भेजे गए


मेदिनीनगर (पलामू):- आमजनों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी श्री लव कुमार गुप्ता के नेतृत्व में हरिहरगंज स्थित नए बस स्टैंड के समीप विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का विशेष निरीक्षण अभियान चलाया। अभियान में प्रशिक्षु खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी श्री संजीव कुमार उपाध्याय एवं श्री अभय शंकर ठाकुर भी शामिल रहे।
निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों में गैर-अनुमत रंगों के इस्तेमाल से संबंधित अनियमितताएं पाई गईं। इसके बाद औद्योगिक रंग के इस्तेमाल से तैयार लगभग 45 किलोग्राम मिठाइयों तथा एक नाश्ता दुकान में गैर-खाद्य पीले रंग से तैयार लगभग 10 किलोग्राम चाट को नष्ट कराया गया। इस प्रकार कुल लगभग 55 किलोग्राम खाद्य पदार्थ नष्ट कराए गए।
खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन की जांच के लिए अभियान के दौरान चार नमूने भी संग्रहित किए गए। संतोष स्वीट्स से पनीर, सिमरन स्वीट्स से मिल्क केक, बैद्यनाथ किराना से फॉर्च्यून सरसों तेल तथा आराध्या स्वीट्स से रसगुल्ले का नमूना लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा गया है।
खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा संबंधित विनियमों के तहत खाद्य पदार्थों में गैर-अनुमत रंगों का उपयोग, खाद्य कारोबारियों द्वारा निर्धारित जिम्मेदारियों का उल्लंघन, अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य पदार्थों का निर्माण या प्रसंस्करण, खाद्य पदार्थों को अखबार में लपेटना अथवा परोसना तथा आवश्यक खाद्य लाइसेंस या पंजीकरण के बिना कारोबार करना नियमों के विरुद्ध है। ऐसे मामलों में लागू कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा सकती है।
निरीक्षण के दौरान जिन प्रतिष्ठानों में अनियमितताएं पाई गईं, उनके संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है। साथ ही, उन्हें पाई गई कमियों को दूर करने, प्रतिष्ठानों में स्वच्छता बनाए रखने तथा निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि आम लोगों के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता तथा सुरक्षित खाद्य उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इस निरीक्षण अभियान के दौरान कार्यालय कर्मी श्री राजू रंजन भी उपस्थित रहे।
![]()




