
प्रेम कुमार साहू की रिपोर्ट,
घाघरा (गुमला)। घाघरा प्रखंड के पुटो गांव में दसई जतरा के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन थाना प्रभारी मोहन कुमार सिंह, दिशा सदस्य अनिरुद्ध चौबे, भाजपा मंडल अध्यक्ष आशीष कुमार सोनी, पूर्व जिला परिषद सदस्य तेंबू उरांव, समाजसेवी अशोक उरांव और धनकुवर साहू ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। कार्यक्रम में कलाकारों ने विभिन्न गीतों पर नृत्य और संगीत की आकर्षक प्रस्तुति दी, जिसका उपस्थित लोगों ने भरपूर आनंद उठाया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए थाना प्रभारी मोहन कुमार सिंह ने लोगों से मेले का आनंद शांतिपूर्ण माहौल में उठाने और आपसी मेल-मिलाप के साथ आयोजन को सफल बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशापान से दूर रहकर बेहतर समाज के निर्माण में अपना योगदान दें। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे नाबालिग बच्चों और बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाले लोगों को वाहन चलाने न दें। साथ ही बाइक चालकों से बिना हेलमेट के वाहन नहीं चलाने की अपील की।
दिशा सदस्य अनिरुद्ध चौबे ने कहा कि मेला आपसी भाईचारे और खुशियां साझा करने का महत्वपूर्ण मंच है। इसके माध्यम से लोग अपने सगे-संबंधियों और परिचितों से मिलते हैं तथा सामाजिक रिश्तों को मजबूत बनाते हैं। वहीं, भाजपा मंडल अध्यक्ष आशीष कुमार सोनी ने कहा कि मेले से आपसी प्रेम और भाईचारे को बढ़ावा मिलता है। दूर-दराज से लोग अपने रिश्तेदारों के घर पहुंचकर एक-दूसरे के साथ खुशियां मनाते हैं।

कार्यक्रम में अध्यक्ष सुनील साहू, कमल पवारिया, शिव शंकर साहू, भोला कुमार, बबलू कुमार, गुलाब पाठक, महेश लोहार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और दर्शक उपस्थित थे।
![]()





