डांडिया विवाद: मंत्री इरफान अंसारी पर भड़के आजसू प्रवक्ता अप्पू तिवारी
डांडिया विवाद पर मंत्री इरफान अंसारी के बयान से नाराज आजसू प्रवक्ता अप्पू तिवारी,निष्पक्ष कार्रवाई की मांग

जमशेदपुर संवाददाता,
जमशेदपुर :- आजसू पार्टी के जिला प्रवक्ता अप्पू तिवारी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर झारखंड के मंत्री इरफान अंसारी के उस बयान पर आपत्ति जताई है, जिसमें डांडिया कार्यक्रमों में गैर-हिंदुओं के प्रवेश पर प्रतिबंध की मांग करने वाले हिंदूवादी संगठनों के विरुद्ध जिला प्रशासन एवं वरीय अधिकारियों से कार्रवाई की मांग की गई है।
अप्पू तिवारी ने कहा कि डांडिया जैसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों की परंपरा, आस्था और आयोजन संबंधी नियमों को लेकर समाज में चर्चा होना स्वाभाविक है। यदि कुछ हिंदूवादी संगठन ऐसे आयोजनों की धार्मिक मर्यादा बनाए रखने की मांग कर रहे हैं, तो उनकी बात को सुने बिना उन्हें गलत ठहराना उचित नहीं है। उन्होंने ऐसे कार्यकर्ताओं को बधाई दी, जो सनातन धर्म की परंपराओं और मान्यताओं के संरक्षण के लिए सक्रिय हैं।

उन्होंने कहा कि मंत्री जैसे संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति से अपेक्षा की जाती है कि वे संवेदनशील विषयों पर संयमित भाषा का प्रयोग करें और सभी समुदायों की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करें। किसी भी पक्ष की मांग पर प्रशासनिक कार्रवाई की बात कहने से पहले पूरे मामले को निष्पक्षता से समझना आवश्यक है।
अप्पू तिवारी ने इरफान अंसारी के बयान को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि झारखंड सरकार में मंत्री की भूमिका जनहित के मुद्दों का समाधान करना है, न कि धार्मिक विवादों को और अधिक बढ़ाना।
उन्होंने जिला प्रशासन एवं राज्य सरकार से पूरे मामले की निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।
अप्पू तिवारी ने चेतावनी दी कि यदि इस मामले में निष्पक्ष कार्रवाई नहीं होती और धार्मिक भावनाओं से जुड़े मुद्दों पर दोहरा रवैया अपनाया जाता है, तो आजसू पार्टी के स्तर पर लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक दायरे में चरणबद्ध आंदोलन करने पर विचार किया जाएगा।
![]()




