NTPC फरक्का की CSR पहल से 30 युवाओं को नौकरी, ₹31,734 तक वेतन
Paschim Bangal News

रिपोर्ट : निशांत कुमार सानू,
फरक्का । चार महीने का प्रशिक्षण, हुनर की पहचान और फिर नौकरी का अवसर। NTPC फरक्का की CSR पहल ने झारखंड और पश्चिम बंगाल के 30 युवाओं के लिए रोजगार की राह खोली है। परियोजना प्रभावित गांवों के इन युवाओं ने भुवनेश्वर स्थित केंद्रीय पेट्रोकेमिकल्स इंजीनियरिंग एवं तकनीकी संस्थान (CIPET) में चार महीने का आवासीय कौशल विकास प्रशिक्षण पूरा किया।
इसके बाद सभी 30 प्रतिभागियों का विभिन्न कंपनियों में चयन हुआ है। चयनित युवाओं को 19,166 रुपये से 31,734 रुपये तक मासिक CTC का प्रस्ताव मिला है। यह पहल ग्रामीण युवाओं को तकनीकी कौशल से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

हुनर सीखा,अब कंपनियों में दिखायेंगे दम
आर्थिक एवं सामाजिक रूप से कमजोर परिवारों के युवाओं को उद्योगों की मांग के अनुरूप प्रशिक्षित कर रोजगार से जोड़ना इस पहल का मुख्य उद्देश्य है। NTPC फरक्का और CIPET ने ग्रामीण क्षेत्रों तथा कॉलेजों में प्रचार-प्रसार के माध्यम से इच्छुक युवाओं तक योजना की जानकारी पहुंचायी। पात्रता जांच के बाद 18 से 32 वर्ष आयु वर्ग के 30 युवाओं का चयन किया गया। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें तकनीकी ज्ञान के साथ व्यावहारिक दक्षता भी प्रदान की गयी।
20 लाख रुपये खर्च कर तैयार किये कुशल युवा
NTPC फरक्का के पीआरओ अर्पित वर्मा के अनुसार, व्यावसायिक प्रशिक्षण कार्यक्रमों पर प्रतिवर्ष करीब 90 लाख रुपये खर्च किये जाते हैं। इस बैच के प्रशिक्षण पर लगभग 20 लाख रुपये व्यय हुए। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों के लिए भोजन, आवास, अध्ययन सामग्री सहित जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की गयी, ताकि आर्थिक कठिनाइयां उनके कौशल विकास में बाधा न बनें।
मशीन संचालन से प्लास्टिक प्रसंस्करण तक सीखी बारीकियां
9 जून 2026 से शुरू हुए मशीन ऑपरेटर इंजेक्शन मोल्डिंग प्रशिक्षण में युवाओं को मशीन संचालन और प्लास्टिक प्रसंस्करण की तकनीक सिखायी गयी। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद प्रतिभागियों का कुमार इलास्टोमेक, पुणे; मर्ली मडसन ऑटोमोटिव लिमिटेड, सानंद; जिंदल पॉली फिल्म्स, नासिक समेत विभिन्न कंपनियों में चयन हुआ। अलग-अलग पदों के लिए उन्हें 19,166 से 31,734 रुपये तक मासिक CTC का प्रस्ताव दिया गया है।
गोड्डा के आयुष को पुणे में मिला बेहतर अवसर
इस बैच के युवाओं में गोड्डा के 18 वर्षीय आयुष कुमार को पुणे में करीब 31 हजार रुपये मासिक CTC का प्रस्ताव मिला है। वहीं, परियोजना प्रभावित गांव अंधुआ के 21 वर्षीय पिजुष मंडल को अहमदाबाद में करीब 22 हजार रुपये मासिक CTC पर अवसर मिला। मालदा की 21 वर्षीय रिया घोष को भी गुजरात में लगभग 22 हजार रुपये मासिक CTC का प्रस्ताव दिया गया है।
![]()




