पूर्व विधायक अमीरुल इस्लाम के करीबी अब्दुल सलाम उर्फ कटा गिरफ्तार
पुराने जमीन कब्जा मामले में समशेरगंज पुलिस ने की कार्रवाई, गुरुवार को जंगीपुर अदालत में हुई पेशी; आरोपी ने गिरफ्तारी को बताया राजनीतिक साजिश

रिपोर्ट : निशांत कुमार सानू,
फरक्का। मुर्शिदाबाद जिले के समशेरगंज में पुलिस की कार्रवाई से राजनीतिक हलकों में हलचल मच गयी है। पुलिस ने तृणमूल कांग्रेस के प्रखंड युवा नेता अब्दुल सलाम उर्फ कटा को पुराने जमीन कब्जा मामले में गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार नेता को तृणमूल कांग्रेस के पूर्व विधायक अमीरुल इस्लाम का करीबी बताया जा रहा है। गिरफ्तारी के बाद इलाके में राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गयी हैं।

पुराने मामले में पुलिस ने की कार्रवाई
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, समशेरगंज थाना क्षेत्र के भाशैपैकड़ निवासी अब्दुल सलाम के खिलाफ जमीन पर कथित रूप से अवैध कब्जा कर मकान बनाने का मामला दर्ज था। यह मामला तृणमूल कांग्रेस की पिछली सरकार के कार्यकाल का बताया जा रहा है। इसी मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया। गुरुवार को पुलिस ने आरोपी को जंगीपुर अदालत में पेश किया।
समशेरगंज थाना के आइसी कुणाल कांति दास ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ दर्ज पुराने मामले के आधार पर यह कार्रवाई की गयी है।
गिरफ्तारी को बताया राजनीतिक साजिश
इधर, गिरफ्तारी के बाद अब्दुल सलाम उर्फ कटा ने अपने ऊपर लगे आरोपों को सिरे से खारिज किया है। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि उन्हें राजनीतिक साजिश के तहत झूठे मामले में फंसाया गया है। उन्होंने आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि समय आने पर इसका जवाब देंगे। उनकी गिरफ्तारी के बाद समशेरगंज में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गयी है।
![]()





