गांधी-शास्त्री जयंती पर लातेहार समाहरणालय में श्रद्धांजलि, उपायुक्त ने किया माल्यार्पण
सत्य-अहिंसा और “जय जवान, जय किसान”के आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान

लातेहार (संवाददाता):
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की 122वीं जयंती के अवसर पर शुक्रवार को समाहरणालय स्थित गोपनीय कार्यालय में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में उपायुक्त संदीप कुमार ने दोनों महान विभूतियों के चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की तथा उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को नमन किया।

उपायुक्त ने अपने संबोधन में कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा और सादगी के मार्ग पर चलकर देश को स्वतंत्रता दिलाने के साथ-साथ विश्व को मानवता का संदेश दिया। वहीं लाल बहादुर शास्त्री की सादगी, ईमानदारी और “जय जवान, जय किसान” का नारा आज भी युवाओं और किसानों के लिए प्रेरणास्रोत बना हुआ है।
उन्होंने कहा कि इन महान नेताओं के आदर्शों एवं जीवन मूल्यों को अपनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने उनके बताए मार्ग पर चलने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर अपर समाहर्ता सलमान जफर खिजरी, गोपनीय प्रभारी पदाधिकारी श्रेयांश, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ. चंदन, जिला शिक्षा पदाधिकारी गौतम साहू सहित समाहरणालय के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
![]()




