
गोमिया (बोकारो)। साड़म केवट टोला निवासी जितेंद्र केवट, जिन्हें स्थानीय लोग “जीतू” के नाम से जानते थे, का निधन हो गया। उनके निधन की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार, जितेंद्र केवट मत्स्यजीवी सहयोग समिति, गोमिया के सचिव थे। इसके साथ ही वे साड़म पश्चिमी पंचायत के पूर्व मुखिया प्रत्याशी, भाजपा कार्यकर्ता तथा समाजसेवी के रूप में भी क्षेत्र में सक्रिय रूप से जाने जाते थे। उनके सामाजिक कार्यों के कारण उनका क्षेत्र में अच्छा सम्मान और संपर्क था।

परिजनों के अनुसार, सोमवार रात उन्हें अचानक बेचैनी महसूस हुई। स्थिति बिगड़ने पर परिजन उन्हें इलाज के लिए एक निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस अचानक हुए निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
वे अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके निधन की सूचना फैलते ही क्षेत्र में शोक की भावना व्याप्त हो गई।
उनके निधन पर जिला परिषद सदस्य आकाश लाल सिंह, प्रकाश लाल सिंह, समाजसेवी सूरज लाल सिंह, आजसू नेता राजेश विश्वकर्मा, मुखिया शोभा देवी, उपमुखिया पंकज जैन, पंसस चांदनी देवी, पंसस विष्णु लाल सिंह, पूर्व उपमुखिया विकास जैन, जयप्रकाश तिवारी, बिमल केवट, शंकर केवट, अजीत नारायण प्रसाद, बिक्रम दे सहित कई गणमान्य लोगों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है।
![]()




