जमशेदपुर में बैंक डकैती के बाद लातेहार में बढ़ी चौकसी, शाखाओं के आसपास पुलिस गश्त तेज

लातेहार। जमशेदपुर में बैंक डकैती की घटना के बाद लातेहार जिले में बैंकों की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने सतर्कता बढ़ा दी है। बैंक शाखाओं के आसपास गश्त बढ़ाने के साथ सुरक्षा इंतजामों की
जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बैंक प्रबंधन को भी जरूरी सावधानियां बरतने के निर्देश दिए हैं।
लातेहार के एसडीपीओ संदीप कुमार गुप्ता ने बताया कि पिछले महीने जिले के बैंक अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई थी। इस दौरान बैंक परिसरों के आसपास और नजदीकी दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों को चालू रखने पर जोर दिया गया था। उन्होंने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति देखने के लिए कई बैंक शाखाओं का निरीक्षण भी किया गया था।
एसडीपीओ के अनुसार, बैंक भवनों के बाहर क्यूआर कोड लगाए गए हैं। ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मी इन कोड को स्कैन कर बैंक की सुरक्षा से जुड़ी जानकारी मुख्यालय भेजते हैं। जमशेदपुर की घटना के बाद इस निगरानी व्यवस्था को और सख्त किया गया है। बैंक और उसके आसपास पुलिस की पेट्रोलिंग भी बढ़ा दी गई है।
बरवाडीह के एसडीपीओ वीरेंद्र कुमार राम ने बताया कि जून में प्रखंड क्षेत्र की कई बैंक शाखाओं का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया था। बैंक अधिकारियों को सुरक्षा संबंधी जरूरी उपायों पर ध्यान देने को कहा गया था।
उन्होंने बताया कि हाल की घटना के बाद बैंक शाखाओं के आसपास गश्त बढ़ाई गई है। अवकाश के कारण फिलहाल शाखा प्रबंधकों से बातचीत नहीं हो सकी है। बैंक खुलने के बाद सुरक्षा इंतजामों की फिर से समीक्षा की जाएगी।
![]()




