उधवा/साहिबगंज: पुलिस की पहल से गुम हुए मोबाइल लौटे मालिकों को, 35 मोबाइलों का किया गया वितरण
Rajmahal news

रिपोर्ट: राजमहल अनुमंडल,
कभी मोबाइल गुम होने के बाद लोगों को केवल सनहा दर्ज कराकर नया सिम और नया मोबाइल लेने पर मजबूर होना पड़ता था, लेकिन अब साहिबगंज पुलिस की पहल से गुम और चोरी हुए मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों तक वापस पहुंचाए जा रहे हैं।

इसी कड़ी में शुक्रवार को सामुदायिक पुलिसिंग के तहत राधानगर थाना परिसर में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बरामद किए गए मोबाइल फोन उनके धारकों को सम्मानपूर्वक सौंपे गए।
चार थाना क्षेत्रों से बरामद हुए 35 मोबाइल
कार्यक्रम में राजमहल अनुमंडल के विभिन्न थाना क्षेत्रों से बरामद कुल 35 मोबाइल फोन उनके असली मालिकों को लौटाए गए। इनमें राधानगर थाना क्षेत्र से 13, राजमहल थाना से 13, तालझारी थाना से 7 और तीनपहाड़ थाना क्षेत्र से 2 मोबाइल शामिल रहे।
मोबाइल वापस पाकर लाभुकों ने पुलिस प्रशासन के प्रति आभार जताया और इस पहल की सराहना की।
SDPO ने किया मोबाइल वितरण
मोबाइल वितरण कार्यक्रम का नेतृत्व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजमहल विमलेश त्रिपाठी ने किया। उन्होंने बताया कि पुलिस तकनीकी माध्यमों का उपयोग कर लगातार गुम और चोरी हुए मोबाइलों की बरामदगी में जुटी हुई है, और इन्हें वास्तविक मालिकों को सम्मानपूर्वक लौटाया जा रहा है।
इस अवसर पर राधानगर थाना प्रभारी अमर कुमार मिंज, राजमहल थाना प्रभारी हसनैन अंसारी, तालझारी थाना प्रभारी नितेश पांडेय, तीनपहाड़ थाना प्रभारी गौरव कुमार सहित कई पुलिस पदाधिकारी और कर्मी मौजूद थे।
![]()




