श्रीरामचरितमानस पारायण पाठ के 53वें अधिवेशन को लेकर भूमि पूजन, पंडाल निर्माण शुरू
Latehar News

लातेहार। शहर में आयोजित होने वाले श्रीरामचरितमानस पारायण पाठ के 53वें अधिवेशन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में अंबा कोठी स्थित परिसर में राज्यसभा सांसद बैद्यनाथ राम ने विधिवत भूमि पूजन कर कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत की। भूमि पूजन के साथ ही अधिवेशन के लिए पंडाल निर्माण कार्य भी प्रारंभ कर दिया गया।

पूजन कार्यक्रम के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना संपन्न हुई। इस अवसर पर आयोजन समिति के सदस्यों एवं श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। उपस्थित लोगों ने आयोजन की सफलता के लिए कामना की और धार्मिक माहौल भक्तिमय बना रहा।
आयोजन समिति के अनुसार श्रीरामचरितमानस पारायण पाठ का यह 53वां अधिवेशन धार्मिक एवं आध्यात्मिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम में जिले सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
अधिवेशन को सफल बनाने के लिए परिसर में भव्य पंडाल, बैठने की समुचित व्यवस्था, प्रकाश, पेयजल तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की तैयारी तेजी से की जा रही है। समिति द्वारा जल्द ही कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा भी जारी की जाएगी।
![]()




