ट्रांसफॉर्मर जलने से 11 दिनों से अंधेरे में मयूरकोला, 25 घरों की बिजली ठप
Pakud News

कोटालपोखर/बरहरवा (पाकुड़): बरहरवा प्रखंड के मयूरकोला आईटीआई कॉलेज के पास लगा बिजली ट्रांसफॉर्मर जल जाने से करीब 20 से 25 घरों की बिजली आपूर्ति पिछले 11 दिनों से पूरी तरह ठप है। बिजली नहीं रहने से मुहल्ले के लोग डिबरी युग में जीने को मजबूर हो गए हैं।
उमस भरी गर्मी में बिजली गुल रहने से लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। शाम ढलते ही पूरा इलाका अंधेरे में डूब जाता है, जिससे दैनिक कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं।

ग्रामीणों के अनुसार बिजली नहीं रहने से सबसे अधिक परेशानी बच्चों को हो रही है। छात्र-छात्राओं की पढ़ाई बाधित हो रही है, वहीं पंखा नहीं चलने से परिवारों को रात भर जागकर समय बिताना पड़ रहा है। मोबाइल चार्जिंग और अन्य जरूरी कामों के लिए लोगों को दूसरे स्थानों पर जाना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि ट्रांसफॉर्मर जलने की सूचना बिजली विभाग को दी जा चुकी है, लेकिन 11 दिन बीत जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। विभाग की ओर से ट्रांसफॉर्मर बदलने का आश्वासन जरूर मिला, लेकिन आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी।
लगातार बिजली संकट से लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों ने विभाग से जल्द नया ट्रांसफॉर्मर लगाने और बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। उनका कहना है कि बिजली जैसी बुनियादी सुविधा के लिए इतने दिनों तक इंतजार करना बेहद कष्टदायक है।
![]()




