पाकुड़ में बड़ा अपडेट: मार्गो ईस्ट और वेस्ट कोयला खदानों का लीज आवंटन, जेइएमसीएल को मिला एग्रीमेंट
Pakud news

✍️ रिपोर्ट: निशांत कुमार सानू,
पाकुड़ (लिट्टीपाड़ा): जिले के लिट्टीपाड़ा प्रखंड स्थित मार्गो ईस्ट और मार्गो वेस्ट कोयला खदानों के लिए लीज आवंटन की प्रक्रिया पूरी हो गई है। यह आवंटन दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान किया गया, जहां केंद्रीय कोयला एवं खनन राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने जेइएमसीएल (JEMCL) के प्रबंध निदेशक वरुण रंजन को दोनों खदानों से संबंधित एग्रीमेंट (CMDPA/CBDPA) सौंपे।
कोयला मंत्रालय के अनुसार, मार्गो ईस्ट और मार्गो वेस्ट उन छह खदानों में शामिल हैं, जिनके लिए कोयला खदान विकास एवं उत्पादन समझौते (Coal Mine Development and Production Agreement) किए गए हैं।

16वें चरण की कोयला नीलामी का शुभारंभ
इसी कार्यक्रम में वाणिज्यिक कोयला खदान नीलामी के 16वें चरण की भी शुरुआत की गई। इस चरण में कुल 25 कोयला ब्लॉकों की नीलामी प्रक्रिया शुरू की गई है। मंत्रालय ने बताया कि इस पूरी प्रक्रिया का उद्देश्य कोयला क्षेत्र में पारदर्शिता बढ़ाना और उत्पादन क्षमता को मजबूत करना है।
ऊर्जा सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम
कार्यक्रम में कोयला मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि देश की ऊर्जा सुरक्षा और औद्योगिक विकास में कोयले की भूमिका बेहद अहम है। निजी और सार्वजनिक क्षेत्र की भागीदारी से कोयला उत्पादन में तेजी आ रही है।
केंद्रीय राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने कहा कि नई कोयला खदानों के आवंटन से न केवल उत्पादन बढ़ेगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे। उन्होंने कंपनियों से निर्धारित समयसीमा में उत्पादन शुरू करने और पर्यावरण मानकों का पालन करने की अपील की।
जेइएमसीएल का बयान
जेइएमसीएल के प्रबंध निदेशक वरुण रंजन ने कहा कि दोनों खदानों का लीज आवंटन कंपनी के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। अब परियोजनाओं के विकास और संचालन की दिशा में आगे बढ़ने का रास्ता साफ हो गया है।
उन्होंने कहा कि कंपनी सभी निर्धारित नियमों और शर्तों के अनुसार समयबद्ध तरीके से दोनों परियोजनाओं को विकसित करेगी।
![]()




