
लातेहार। अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद लेकर मंगलवार को जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से लोग उपायुक्त कार्यालय पहुंचे। साप्ताहिक जन शिकायत निवारण कार्यक्रम में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी संदीप कुमार ने लोगों से सीधे उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने शिकायतों को संबंधित विभागों तक भेजते हुए जल्द कार्रवाई का निर्देश अधिकारियों को दिया।
कार्यक्रम में ग्रामीण इलाकों से आए लोगों ने पेंशन, सरकारी योजनाओं और अन्य विभागों से जुड़ी परेशानियां उपायुक्त के सामने रखीं। उपायुक्त ने शिकायतकर्ताओं की बात सुनने के बाद कहा कि प्रत्येक आवेदन की जांच कर पात्र लोगों को नियमानुसार लाभ दिलाया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को मामलों के निष्पादन में अनावश्यक देरी नहीं करने को कहा।
सदर प्रखंड के लबरपुर गांव की खादीज बीबी भी वृद्धावस्था पेंशन की मांग लेकर उपायुक्त के पास पहुंचीं। उन्होंने आवेदन सौंपकर पेंशन का लाभ दिलाने का आग्रह किया। उपायुक्त ने आवेदन को संबंधित अधिकारी के पास भेजते हुए नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
जन शिकायत के दौरान मिले अन्य आवेदनों पर भी उपायुक्त ने संबंधित विभागों को कार्रवाई के लिए निर्देशित किया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों की वास्तविक स्थिति जानने के लिए जरूरत के अनुसार मौके पर जाकर जांच करें और समस्या का समाधान सुनिश्चित करें।
जिला प्रशासन की ओर से बताया गया कि आम लोगों की शिकायतों के त्वरित निपटारे के लिए जिला, अनुमंडल और प्रखंड कार्यालयों में प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को जन शिकायत निवारण कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। इसके माध्यम से लोग अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों के सामने रख सकते हैं।
![]()





