अवैध विदेशी शराब बिक्री के खिलाफ कार्रवाई, विक्रेता गिरफ्तार
तीनपहाड़ थाना में कांड संख्या 45/2026 दर्ज

कोटालपोखर संवाददाता। तीनपहाड़ थाना क्षेत्र के बाबूपुर में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर भारी मात्रा में विदेशी शराब और बीयर बरामद की है। कार्रवाई थाना प्रभारी गौरव भगत के नेतृत्व में की गयी। पुलिस ने मौके से शराब बेचने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में राजमहल जेल भेज दिया।
पुलिस इंस्पेक्टर राजीव रंजन ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि बाबूपुर निवासी मेघनाथ नोनिया, पिता स्व. रामहरत नोनिया, अपने घर से अवैध रूप से शराब की बिक्री कर रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद टीम गठित कर उसके घर पर छापेमारी की गयी।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने घर से रॉयल स्टैग 180 एमएल की सात बोतल, गॉडफादर बीयर 500 एमएल की 34 बोतल, किंगफिशर बीयर 500 एमएल की 21 बोतल तथा कलर्स एलिफेंट बीयर 500 एमएल की सात बोतल बरामद की।
पुलिस ने शराब बिक्री के आरोप में मेघनाथ नोनिया को गिरफ्तार कर थाना लाया। थाना प्रभारी के बयान पर तीनपहाड़ थाना कांड संख्या 45/2026 दर्ज किया गया है। मामले में बीएनएस की धारा 274/275/292/3(5) एवं उत्पाद अधिनियम की धारा 47(ए) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है। प्राथमिकी अभियुक्त मेघनाथ नोनिया को विधिवत गिरफ्तार करने के बाद राजमहल जेल भेज दिया गया।
![]()






