
जमशेदपुर। नीलडीह ग्वाला बस्ती स्थित रामाधीन बागान के पास सोमवार की दोपहर बाइक सवार तीन बदमाशों ने न्यूवोको सीमेंट प्लांट के कर्मचारी हरमीत सिंह के गले में चापड़ सटाकर 13 हजार रुपये लूट लिये। वारदात के बाद तीनों बदमाश बिना नंबर प्लेट वाली बाइक से मौके से फरार हो गये।
पीड़ित हरमीत सिंह ने बताया कि वह न्यूवोको सीमेंट प्लांट में काम करते हैं। सोमवार दोपहर करीब 2:45 बजे ड्यूटी खत्म करने के बाद बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान स्प्लेंडर बाइक पर सवार तीन युवक उनके पास पहुंचे और पेट्रोल के लिए 20 रुपये मांगने लगे।
हरमीत के रुकते ही एक बदमाश ने चापड़ निकालकर उनकी गर्दन पर सटा दिया। इसके बाद आरोपियों ने उनकी जेब से 13 हजार रुपये निकाल लिये। एक अन्य बदमाश ने उनके गले से चांदी की चेन छीनने का भी प्रयास किया।
हरमीत ने बदमाशों का विरोध करते हुए उन्हें पकड़ने का प्रयास किया। इसी बीच उनके शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके की ओर आने लगे। लोगों को आता देख तीनों बदमाश बाइक से फरार हो गये।
पीड़ित के अनुसार, आरोपियों में से एक युवक ने कैप पहन रखी थी, जबकि दो अन्य सफेद टी-शर्ट और काली पैंट पहने हुए थे। जिस बाइक से तीनों पहुंचे थे, उस पर नंबर प्लेट भी नहीं लगी थी।
घटना के बाद हरमीत सिंह शिकायत लेकर गोलमुरी थाना पहुंचे। वहां उन्हें बताया गया कि घटना टेल्को थाना क्षेत्र में हुई है और रिपोर्ट वहीं दर्ज करानी होगी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
![]()





