स्थानीय समाचार

उपायुक्त ने स्वास्थ्य विभाग के लिए वर्ष 2026 का कार्य-रोडमैप किया प्रस्तुत

Views: 82
0 0
Read Time:5 Minute, 0 Second
उपायुक्त ने स्वास्थ्य विभाग के लिए वर्ष 2026 का कार्य-रोडमैप किया प्रस्तुत

कालाजार उन्मूलन, रक्तदान, टीबी मुक्त भारत एवं स्वास्थ्य अवसंरचना सुदृढ़ीकरण पर विशेष फोकस

पाकुड़।
पाकुड़ जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुदृढ़, प्रभावी एवं परिणामोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से शनिवार को उपायुक्त श्री मनीष कुमार ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने वर्ष 2026 के लिए स्वास्थ्य विभाग का स्पष्ट कार्य-रोडमैप प्रस्तुत करते हुए अधिकारियों को लक्ष्य आधारित एवं जिम्मेदारीपूर्ण कार्य करने के निर्देश दिए।

उपायुक्त ने कहा कि कालाजार का हर स्तर पर पूर्ण उन्मूलन जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि इस अभियान में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी तथा फील्ड स्तर पर सतत निगरानी, ट्रैकिंग सिस्टम और सक्रियता अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने बताया कि जिले में रक्तदान शिविरों का निरंतर आयोजन किया जाएगा, ताकि भविष्य की स्वास्थ्य चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए ब्लड बैंक में पर्याप्त रक्त उपलब्धता बनी रहे। साथ ही आगामी समय में लगभग 10,000 लाभार्थियों को जोड़ते हुए एक बड़े स्तर के विशेष स्वास्थ्य शिविर के आयोजन की योजना पर भी कार्य किया जा रहा है।

उपायुक्त ने दिव्यांगजनों के सटीक एवं अद्यतन डाटा संधारण पर विशेष बल देते हुए कहा कि सही डाटा के माध्यम से ही उन्हें योजनाओं का पूर्ण लाभ दिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि टीबी मुक्त भारत, एनीमिया मुक्त भारत, स्वस्थ नारी–सशक्त परिवार, संजीवनी एवं एलजी-वास जैसी योजनाओं में जिले का प्रदर्शन सराहनीय रहा है और इन कार्यक्रमों को और अधिक मजबूती के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।

उन्होंने पेंशन योजनाओं के समयबद्ध एवं प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर देते हुए निर्देश दिया कि सभी हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पूर्ण रूप से कार्यशील रहें। एमपीडब्ल्यू, सीएचओ एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मी नियमित रूप से फील्ड विजिट कर योजनाओं की प्रगति सुनिश्चित करें। आरबीएसके शिविरों के सुचारू संचालन पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया।

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जवाहर नवोदय विद्यालय सहित जिले के सभी प्रमुख विद्यालयों में विशेष मेडिकल टीम भेजी जाए, ताकि छात्रों का समय पर स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित किया जा सके। इसके लिए संबंधित एमओआईसी एवं चिकित्सकों की टीम तैनात की जाएगी।

बैठक में एमटीसी सेंटर के निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण करने तथा सदर अस्पताल के आधुनिकीकरण (मॉडिफिकेशन) कार्य को हर हाल में समयबद्ध तरीके से पूरा करने का भी निर्देश दिया गया।

उपायुक्त श्री मनीष कुमार ने कहा कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले एमओआईसी, सीएचओ, एमपीडब्ल्यू, चिकित्सक एवं अन्य फ्रंटलाइन वर्कर्स को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ईमानदारी, मेहनत एवं जमीनी स्तर पर समर्पित कार्य करने वाले कर्मियों को प्रोत्साहित करना आवश्यक है, ताकि स्वास्थ्य विभाग में सकारात्मक कार्यसंस्कृति विकसित हो सके।

अंत में उपायुक्त ने सभी अधिकारियों एवं स्वास्थ्य कर्मियों से पूर्ण समर्पण, अनुशासन एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

Loading

Happy
Happy
0 %
Sad
Sad
0 %
Excited
Excited
0 %
Sleepy
Sleepy
0 %
Angry
Angry
0 %
Surprise
Surprise
0 %

About The Author

Related Articles

Average Rating

5 Star
0%
4 Star
0%
3 Star
0%
2 Star
0%
1 Star
0%
Back to top button