स्थानीय समाचार

विद्यालय परिसर में घुसकर शिक्षिका से मारपीट, गाली-गलौज और चेन छीनने का आरोप; मामला दर्ज

विद्यालय परिसर में घुसकर शिक्षिका से मारपीट, गाली-गलौज और चेन छीनने का आरोप; मामला दर्ज

बोरियो। प्रखंड के उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय छोटा बियासी में एक महिला द्वारा प्रधान शिक्षिका के साथ मारपीट, गाली-गलौज और गहना छीनने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर प्रधान शिक्षिका रेखा कुमारी ने संझली टुडू, उसके पति नारायण हेम्ब्रम सहित 4-5 अन्य लोगों के विरुद्ध थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

पुलिस के अनुसार घटना 10 दिसंबर अपराह्न 2 बजे की है। रेखा कुमारी स्कूल परिसर के आसपास झाड़–झंखाड़ साफ करवा रही थीं और गंदे पानी की निकासी के लिए गड्ढा खुदवा रही थीं। उसी दौरान पास की रहने वाली महिला संझली टुडू वहां पहुंची और कथित रूप से शिक्षिका के बाल पकड़कर जमीन पर पटक दिया। आरोप है कि संझली टुडू ने शिक्षिका के ऊपर चढ़कर बुरी तरह से मारपीट की और इस क्रम में उनके गले से सोने की चेन तथा कान की बाली भी छीन ली।

रेखा कुमारी ने यह भी बताया कि साल 2023 में भी आरोपी महिला एवं उसके पति ने उनके साथ मारपीट की थी।

उधर, झारखंड प्रशिक्षित सहायक अध्यापक संघ के प्रदेश महासचिव विकास कुमार चौधरी और जिला अध्यक्ष अशोक कुमार साह ने इस घटना की निंदा करते हुए थाना प्रभारी, बीडीओ और बीइइओ से मिलकर कठोर कार्रवाई की मांग की है।

थाना प्रभारी रोहित कुमार ने बताया कि आरोपी महिला, उसके पति और अन्य सहयोगियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की अग्रतर जांच व कार्रवाई जारी है.

Loading

About The Author

Related Articles

Back to top button