गुमलाघाघराझारखंडस्थानीय समाचार

घाघरा में एक ही रात में तीन दुकानों में चोरी, व्यापारी भयभीत

घाघरा में एक ही रात में तीन दुकानों में चोरी, व्यापारी भयभीत

घाघरा (गुमला) – घाघरा प्रखंड मुख्यालय में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं, जिससे व्यापारियों में दहशत का माहौल है। सोमवार की रात चोरों ने पुलिस को चुनौती देते हुए एक ही रात में तीन अलग-अलग दुकानों को निशाना बनाया और नकदी समेत हजारों का सामान उड़ा ले गए।

तीन जगहों पर चोरी, सीसीटीवी में कैद हुई घटना

पहली घटना घाघरा थाना से महज 300 मीटर की दूरी पर स्थित मुकेश कुमार अग्रवाल की किराना दुकान की है, जहां चोरों ने आसानी से प्रवेश कर ₹10,000 नकद और ₹5,000 का किराना सामान चोरी कर लिया।

दूसरी घटना पुतो रोड स्थित प्रदीप मिश्रा की दुकान में घटी, जहां चोरों ने दुकान का ताला तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन वे सफल नहीं हो सके।

तीसरी घटना चांदनी चौक की है, जो घाघरा का सबसे व्यस्ततम क्षेत्र माना जाता है। यहां बिपिन साहू के गोदाम से चोरों ने एस्बेस्टस की छत तोड़कर प्रवेश किया और लगभग ₹20,000 नकद लेकर फरार हो गए। यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में दिख रहा है कि चोर लाल रंग की हुडी पहने इत्मीनान से दुकान में घुसता है और चोरी के बाद पाइप के सहारे वापस ऊपर चढ़कर फरार हो जाता है।

घाघरा में एक ही रात में तीन दुकानों में चोरी, व्यापारी भयभीत

लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से व्यापारियों में भय और रोष दोनों व्याप्त हैं। व्यापारी समुदाय का कहना है कि पुलिस की निष्क्रियता के कारण चोरों के हौसले बुलंद हैं। स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि अब चोर थाने के पास की दुकानों को भी निशाना बनाने से नहीं हिचक रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि घाघरा में चोरी की घटनाओं में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है, लेकिन पुलिस अभी तक एक भी चोरी की वारदात का खुलासा नहीं कर पाई है। इससे अपराधियों का मनोबल बढ़ता जा रहा है।

व्यापारियों ने की सुरक्षा बढ़ाने की मांग

घाघरा के व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से इलाके में गश्त बढ़ाने, सुरक्षा कड़ी करने और चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा करने की मांग की है। यदि जल्द कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो व्यापारी सामूहिक रूप से विरोध प्रदर्शन करने पर मजबूर होंगे।

पुलिस का दावा – जल्द होगा खुलासा

घटनाओं की जानकारी मिलते ही घाघरा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Loading

About The Author

Related Articles

Back to top button