पाकुड़ संवाददाता।
स्वस्थ शरीर को सफल जीवन की आधारशिला मानते हुए आयुष विभाग, पाकुड़ द्वारा जिलेभर में योग एवं आयुष चिकित्सा पद्धति के प्रचार-प्रसार हेतु विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
इस पहल का उद्देश्य आमजन में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना, जीवनशैली में सुधार लाना और प्राकृतिक उपचार पद्धतियों को बढ़ावा देना है।
सोमवार को जिले के पाकुड़, पाकुड़िया, हिरणपुर, महेशपुर, लिट्टीपाड़ा, अमड़ापाड़ा सहित 35 स्थानों पर योग प्रशिक्षकों द्वारा नागरिकों को योगासन, प्राणायाम और ध्यान की तकनीकों का प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षकों ने बताया कि नियमित योगाभ्यास से शरीर की रोग-प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है, मानसिक संतुलन बेहतर होता है और सकारात्मक सोच विकसित होती है।
आयुष विभाग के पदाधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे अपने दैनिक जीवन में योग को अपनाकर स्वस्थ समाज के निर्माण में भागीदार बनें।