गोमिया : सोमवार को गोमिया के बैंक मोड़ स्थित अंबेडकर चौक में वरिष्ठ पत्रकार नागेश्वर कुमार के असामयिक निधन पर देशभक्त नागरिक मंच द्वारा श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने दिवंगत पत्रकार की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित की तथा उनकी आत्मा की शांति के लिए एक मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम में भाकपा नेता सह झारखंड आंदोलनकारी इफ्तेखार महमूद ने कहा कि दिवंगत पत्रकार नागेश्वर कुमार अपनी लेखनी के माध्यम से हमेशा क्षेत्र की जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाते थे और सरकार व जनप्रतिनिधियों को आईना दिखाने का काम करते थे। उनका अचानक निधन अत्यंत दुखद है और उनकी कमी निकट भविष्य में पूरी नहीं की जा सकती।
शोकसभा के बाद इफ्तेखार महमूद अपने सहयोगियों के साथ गोमिया प्रखंड के खुदगढ़ा गांव स्थित उनके आवास पहुंचे और शोकसंतप्त परिवार से मिलकर उन्हें ढाढ़स बंधाया।
इस अवसर पर अरुण यादव, सोमर मांझी, खुर्शीद आलम, अनवर रफी, देवानंद प्रजापति, मौजीलाल महतो और रामदेव प्रसाद सहित कई लोग उपस्थित थे।