लातेहार:उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में जिले की सभी गैस एजेंसियों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में गैस वितरण व्यवस्था को पारदर्शी, सुचारू और उपभोक्ता हितैषी बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई।
उपायुक्त ने एजेंसियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सभी अपने लाइसेंस का अद्यतन रखें और उसे सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित करें। साथ ही उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए स्पष्ट और अद्यतन रेट लिस्ट लगाने को अनिवार्य बताया, ताकि किसी प्रकार की भ्रम की स्थिति उत्पन्न न हो।
बैठक में ई-केवाईसी (E-KYC) प्रक्रिया को शत-प्रतिशत पूरा करने पर विशेष जोर दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि सभी उपभोक्ताओं का सत्यापन समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाए। इसके अलावा एजेंसियों को उपभोक्ताओं की अद्यतन सूची संधारित रखने और बुकिंग नंबर को सक्रिय रखने का निर्देश दिया गया, जिससे आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
गैस सिलेंडर की कालाबाजारी को लेकर उपायुक्त ने कड़ी नाराजगी जताई और स्पष्ट चेतावनी दी कि इस तरह की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित एजेंसी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी एजेंसियों से नियमों का पालन करते हुए पारदर्शिता के साथ कार्य करने को कहा।
उपायुक्त ने यह भी निर्देश दिया कि उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराई जाए और शिकायत मिलने पर उसका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में अजय कुमार रजक, बिपिन कुमार दुबे, श्रवण राम समेत संबंधित पदाधिकारी एवं सभी गैस एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।