रांची: राँची में 23 फरवरी को होने वाले नगर निकाय चुनाव को लेकर पुलिस प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा तैयारियां पूरी कर ली हैं। चुनाव के दौरान कुल चार हजार पुलिस बलों की तैनाती की जाएगी, जिसमें करीब एक हजार अधिकारी और तीन हजार जवान शामिल होंगे।
प्रशासन के अनुसार अति संवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी, ताकि मतदान के दौरान किसी प्रकार की गड़बड़ी या अव्यवस्था न हो और मतदाता निर्भय होकर मतदान कर सकें। ऐसे बूथों पर जिला बल के जवान विशेष रूप से तैनात रहेंगे, जबकि सामान्य बूथों पर भी सुरक्षा के मद्देनजर प्रत्येक बूथ पर चार जवानों की नियुक्ति की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया की निगरानी के लिए स्ट्रांग रूम से सभी गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जाएगी। स्ट्रांग रूम में वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी रहेगी, जो लगातार स्थिति की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करेंगे।
इसके अलावा संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने, त्वरित प्रतिक्रिया दल (QRT) को सक्रिय रखने तथा ट्रैफिक प्रबंधन की विशेष व्यवस्था की गई है। पुलिस का कहना है कि चुनाव के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
रांची पुलिस ने मतदाताओं से अपील की है कि वे बिना किसी भय के मतदान करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि चुनाव शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराया जा सके।