खेल विभाग, बिहार सरकार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण एवं मुंगेर जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में पोलो ग्राउंड, मुंगेर में आयोजित मुंगेर जिला एवं प्रमंडलीय स्तरीय दिव्यांग खेल-कूद प्रतियोगिता 2025-26 के सफल आयोजन में सहयोग प्रदान करने हेतु जनकल्याण शिव शक्ति हरिमोहन फाउंडेशन के स्वयंसेवकों को सम्मानित किया गया।
फाउंडेशन के फाउंडर एवं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी हरिमोहन सिंह के नेतृत्व में कार्यरत स्वयंसेवक—रिजुल शर्मा, तान्या गुप्ता, अदिति कुमारी, मौसम कुमारी, वर्षा कुमारी, राइमा कुमारी, सिमरन कुमारी, अंकिता कुमारी, अदिति सिंह, सोनल कुमारी सहित अन्य को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुंगेर के कमिश्नर प्रेम सिंह मीणा (IAS) एवं जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पणीकर उपस्थित थे। साथ ही जिला खेल पदाधिकारी कमल किशोर एवं अन्य वरीय पदाधिकारी भी मौजूद रहे। उत्कृष्ट योगदान देने वाली बालिकाओं एवं स्वयंसेवी संस्थाओं को मुंगेर जिला प्रशासन द्वारा सम्मानित किया गया।
ज्ञात हो कि पूर्व में भी “बेटी बचाओ, बेटी बढ़ाओ” अभियान के तहत जागरूकता फैलाने, खेल, कला-साहित्य के माध्यम से महिलाओं को सशक्त बनाने तथा दिव्यांग बालिकाओं को खेलों में आगे बढ़ाने में सहयोग देने के लिए फाउंडेशन को आईसीडीएस की जिला कार्यक्रम पदाधिकारी रेखा कुमारी द्वारा “बेस्ट वूमेंस डेवलपमेंट सपोर्टर” संस्था के रूप में सम्मानित किया जा चुका है।
संस्था के सहयोग से चार दर्जन से अधिक महिला खिलाड़ी खो-खो, थ्रोबॉल, डांस स्पोर्ट्स, दिव्यांग खेल, एथलेटिक्स, टेनिकॉइट सहित विभिन्न खेलों में जिला एवं प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रौशन कर चुकी हैं। मुंगेर जिले के विभिन्न प्रखंडों में बड़ी संख्या में महिलाएं इस संस्था से जुड़ रही हैं।
कार्यक्रम में मुंगेर प्रमंडल के विभिन्न जिलों से सैकड़ों दिव्यांगजन, कोच एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे। सम्मानित किए जाने पर जनकल्याण शिव शक्ति हरिमोहन फाउंडेशन, आर्ट कल्चरल एंड यूथ स्पोर्ट्स डेवलपमेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया, मुंगेर जिला खो-खो संघ एवं मुंगेर जिला योगासना स्पोर्ट्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने शुभकामनाएं दीं।