- किसानों को नवीन तकनीक, योजनाओं एवं उन्नत कृषि पद्धतियों की दी गई जानकारी
पाकुड़।
मंगलवार को लिट्टीपाड़ा आकांक्षी प्रखंड कार्यालय परिसर में कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग, झारखंड सरकार के अंतर्गत आत्मा, पाकुड़ के सौजन्य से तथा नीति आयोग के संपूर्णता अभियान के तहत प्रखंड स्तरीय किसान मेला-सह-कृषि प्रदर्शनी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रखंड विकास पदाधिकारी संजय कुमार ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलन कर किया। किसान मेले का मुख्य उद्देश्य किसानों को नवीन कृषि तकनीकों, उन्नत बीजों, आधुनिक कृषि यंत्रों तथा सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना था।
मेले में किसानों द्वारा उत्पादित फल, सब्ज़ी एवं विभिन्न फसलों का प्रदर्शन किया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने सराहा। इस अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले किसानों को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम के दौरान किसानों के बीच किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) के ऋण स्वीकृति पत्र एवं सॉयल हेल्थ कार्ड का वितरण भी किया गया, जिससे किसानों को कृषि कार्यों में आर्थिक एवं तकनीकी सहायता मिल सके।
किसान मेले में प्रखंड एवं जिला स्तरीय पदाधिकारी, कृषि वैज्ञानिक, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। उपस्थित पदाधिकारियों एवं विशेषज्ञों ने किसानों को उन्नत कृषि पद्धतियों को अपनाने एवं सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।