स्वस्थ शरीर ही सफल जीवन की आधारशिला : आयुष विभाग
पाकुड़।
स्वस्थ शरीर और संतुलित जीवनशैली के संदेश को साकार करने के उद्देश्य से आयुष विभाग, पाकुड़ द्वारा जिलेभर में योग एवं आयुष चिकित्सा पद्धति को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य आमजन में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना, जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव लाना तथा प्राकृतिक उपचार पद्धतियों को प्रोत्साहित करना है।
शनिवार को आयुर्विद्या कार्यक्रम के अंतर्गत पाकुड़, पाकुड़िया, हिरणपुर, महेशपुर, लिट्टीपाड़ा, अमड़ापाड़ा सहित जिले के अन्य कुल 40 स्थानों पर योग प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों में प्रशिक्षित योग शिक्षकों द्वारा नागरिकों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया गया।
कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षकों ने योग को दैनिक जीवन में अपनाने के लाभों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए बताया कि नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ रहता है, रोग-प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है तथा मानसिक संतुलन और सकारात्मक सोच का विकास होता है।
आयुष विभाग के पदाधिकारियों ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने की एक प्रभावी पद्धति है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे प्रतिदिन योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करें और स्वस्थ समाज के निर्माण में सहभागी बनें।