पाकुड़।
पाकुड़ जिले के महेशपुर में विधि-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) कार्यालय एवं आवास भवन का भव्य उद्घाटन किया गया। यह भवन क्षेत्र में पुलिस प्रशासन को सशक्त बनाने के साथ-साथ आम नागरिकों को बेहतर एवं त्वरित पुलिस सेवा उपलब्ध कराने में मील का पत्थर साबित होगा।
नवनिर्मित भवन का उद्घाटन राजमहल लोकसभा क्षेत्र के माननीय सांसद श्री विजय कुमार हांसदा, महेशपुर विधानसभा क्षेत्र के माननीय विधायक एवं झारखंड सरकार की अनुसूचित जाति, जनजाति, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण समिति के सभापति प्रो. स्टीफन मरांडी, उपायुक्त श्री मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक श्रीमती निधि द्विवेदी तथा जिला परिषद अध्यक्ष जूली खिष्टमुणि हेंब्रम द्वारा संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं नारियल फोड़कर किया गया।
उद्घाटन समारोह में सांसद प्रतिनिधि श्याम यादव, जिला उपाध्यक्ष हाजी समद अली, हरिवंश चौबे, केंद्रीय समिति सदस्य उपासना मरांडी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विजय कुमार,अंचलाधिकारी संजय कुमार सिन्हा, थाना प्रभारी रवि शर्मा सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
इस अवसर पर विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी ने कहा कि महेशपुर में पुलिस परिवार को एक बड़ी सौगात मिली है। पहले थाना भवन का निर्माण हुआ और अब एसडीपीओ कार्यालय एवं आवास भवन का उद्घाटन होने से पुलिस व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी। उन्होंने निर्धारित समय-सीमा के भीतर निर्माण कार्य पूरा करने के लिए जिला प्रशासन एवं संवेदक को धन्यवाद दिया।
माननीय सांसद श्री विजय कुमार हांसदा ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार पुलिस एवं प्रशासनिक अवसंरचना को सुदृढ़ करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि राज्यभर में थाना भवन, एसडीपीओ कार्यालय, आवास भवन एवं पुलिसकर्मियों के लिए बैरक निर्माण की व्यापक योजना के तहत यह भवन निर्मित किया गया है, जिससे विधि-व्यवस्था और पुलिसकर्मियों की कार्यक्षमता में सुधार होगा।
उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह भवन पुलिस प्रशासन को बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराएगा और आम नागरिकों को त्वरित एवं प्रभावी न्याय-सुरक्षा सेवा सुनिश्चित करेगा। उन्होंने इसके लिए जनप्रतिनिधियों के प्रयासों की सराहना की।
पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने कहा कि क्षेत्रवासियों के सहयोग से ही पुलिस व्यवस्था मजबूत होती है। उन्होंने आम जनता से अपील की कि किसी भी समस्या या शिकायत की स्थिति में वे सीधे संबंधित अधिकारियों से संपर्क करें, पुलिस प्रशासन सदैव सेवा एवं सुरक्षा के लिए तत्पर है।
उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने विश्वास जताया कि इस नए कार्यालय एवं आवास भवन के प्रारंभ होने से महेशपुर क्षेत्र में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण एवं त्वरित कार्रवाई में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिलेगा।