गोमिया : बोकारो जिले के गोमिया प्रखंड अंतर्गत हजारी पंचायत के गरवाडीह गांव से निकलकर देश की राजधानी दिल्ली तक अपनी अलग पहचान बनाने वाले एक साधारण युवक की असाधारण जीवन-यात्रा को राष्ट्रीय मंच पर सम्मान मिला है। उन्हें ईटी लीडरशिप एक्सीलेंस अवॉर्ड्स 2025 में “एक्सीलेंस इन स्ट्रेटजिक पीआर एंड रेपुटेशन मैनेजमेंट सर्विसेज” श्रेणी के तहत सम्मानित किया गया।
यह प्रतिष्ठित सम्मान उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने प्रसिद्ध बॉलीवुड अभिनेत्री प्रीति जिंटा की गरिमामयी उपस्थिति में प्रदान किया। सीमित संसाधनों और बड़े सपनों के साथ दिल्ली पहुंचे इस युवक ने संघर्ष, अनुशासन और आत्मविश्वास के बल पर सफलता की नई इबारत लिखी।
शिक्षा के लिए दिल्ली आए युवक ने निजी कंपनी में कार्य करते हुए कार्य-संस्कृति, जिम्मेदारी और समर्पण के मूल्यों को अपनाया। वर्ष 2015 में उन्होंने उद्यमिता की राह चुनते हुए पब्लिक रिलेशंस एवं रेपुटेशन मैनेजमेंट कंपनी की स्थापना की, जो आज एक प्रतिष्ठित पीआर परामर्श संस्था के रूप में स्थापित है। बीते एक दशक में संस्था ने कॉर्पोरेट जगत के साथ-साथ किसानों और जमीनी मुद्दों की आवाज़ को भी राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से उठाया है।
सम्मान प्राप्ति पर उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि संघर्ष, परिवार के सहयोग और निरंतर परिश्रम का परिणाम है। यह सम्मान साबित करता है कि दृढ़ संकल्प के साथ कोई भी पृष्ठभूमि सफलता की राह में बाधा नहीं बन सकती।