बरहरवा।
राजमहल अनुमंडल अस्पताल में सोमवार को रेडियोग्राफिक फिल्म की कमी के कारण एक्स-रे सेवा पूरी तरह प्रभावित रही। इलाज के लिए पहुंचे मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा और मजबूरन निजी जांच केंद्रों का रुख करना पड़ा।
मरीजों ने बताया कि चिकित्सकों द्वारा एक्स-रे कराने की सलाह दी गई थी, लेकिन अस्पताल में सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्हें बाहर महंगे दाम पर जांच करानी पड़ी। इससे न केवल अतिरिक्त खर्च बढ़ा, बल्कि इलाज में भी देरी हुई। मरीजों का कहना है कि सरकारी अस्पताल में समय पर जांच सुविधा नहीं मिलने से आम लोगों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।
इस संबंध में राजमहल अनुमंडल अस्पताल के प्रभारी उपाधीक्षक डॉ. उदय टुडू ने बताया कि
“रेडियोग्राफिक फिल्म की कमी के कारण आज एक्स-रे सेवा प्रभावित रही। जैसे ही फिल्म की आपूर्ति हो जाएगी, तुरंत एक्स-रे की सुविधा बहाल कर दी जाएगी।”
फिलहाल मरीजों को अस्पताल प्रबंधन की ओर से जल्द व्यवस्था बहाल होने का भरोसा दिया गया है, लेकिन तब तक उन्हें निजी केंद्रों पर निर्भर रहना पड़ रहा है।