बरहरवा। राजमहल थाना क्षेत्र अंतर्गत शहर के वार्ड नंबर–3 नील कोठी, काली घाट के पास गंगा नदी में एक अज्ञात शव बहते हुए देखे जाने से इलाके में सनसनी फैल गई।
मिली जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब 10 बजे कुछ लोग गंगा में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान थोड़ी दूरी पर आदमी जैसा कुछ तैरता हुआ दिखाई दिया। इसकी सूचना गंगा किनारे बैठे युवाओं को दी गई। पास जाकर देखने पर स्पष्ट हुआ कि वह एक शव है, जो कहीं और से बहकर वहां पहुंचा था।
घटना की जानकारी मिलते ही मोहल्ले वासियों ने राजमहल थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर थाना प्रभारी हसनैन अंसारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू की।
थाना प्रभारी ने बताया कि शव को निकालने का प्रयास किया जा रहा था, लेकिन इसी दौरान शव बहकर आगे निकल गया। नाव के माध्यम से गंगा में शव की तलाश जारी है। समाचार लिखे जाने तक शव की पहचान नहीं हो सकी थी।