मनिका। प्रखंड क्षेत्र में शनिवार को कड़ाके की ठंड को देखते हुए समाजसेवियों द्वारा हाई स्कूल के मैदान में कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शिंजो गांव निवासी समाजसेवी ईश्वरी प्रसाद साव एवं मनिका निवासी पूर्व पंचायत समिति सदस्य रमेश पासवान के संयुक्त प्रयास से विधवा, विकलांग, वृद्ध, गरीब एवं असहाय लोगों के बीच लगभग 1500 कंबल का वितरण किया गया।
इस अवसर पर समाजसेवियों ने बताया कि मनिका प्रखंड क्षेत्र में इस तरह का सामाजिक कार्य वे लोग लगातार करते आ रहे हैं। दोनों समाजसेवी समय-समय पर गरीबों और जरूरतमंदों के लिए विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का आयोजन करते रहते हैं।
कार्यक्रम के दौरान बातचीत में उन्होंने कहा कि प्रखंड क्षेत्र के सक्षम लोगों को भी आगे आकर गरीबों की मदद करनी चाहिए। गरीबों की सेवा करने से मन को सुकून मिलता है। उन्होंने कहा कि फिजूलखर्ची को बचाकर यदि गरीबों की मदद की जाए, तो तीर्थ यात्रा करने का पुण्य फल घर बैठे ही प्राप्त हो जाता है।
कंबल वितरण के साथ-साथ समाजसेवियों द्वारा प्रत्येक लाभार्थी को 50-50 रुपये नगद भी दिए गए। वहीं, दूर-दराज गांवों से आए जरूरतमंद लोगों के लिए आने-जाने की व्यवस्था भी समाजसेवियों द्वारा वाहन उपलब्ध कराकर की गई, ताकि किसी भी गरीब की जेब से एक रुपया भी खर्च न हो।
समाजसेवियों ने कहा कि भविष्य में भी जरूरतमंद लोगों के लिए उनके द्वारा लगातार प्रयास जारी रहेगा।