लातेहार।जिला समाज कल्याण विभाग के तत्वावधान में मंगलवार को गारु प्रखंड के उत्क्रमित प्लस टू उच्च विद्यालय में बाल विवाह रोकथाम और लिंग आधारित भेदभाव समाप्त करने के उद्देश्य से कार्यशाला cum जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्रीमती अलका हेमब्रोम ने की।
बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ पर विस्तृत जानकारी
अलका हेमब्रोम ने छात्राओं एवं उपस्थित जनों को बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के विभिन्न प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि सरकार बेटियों के जन्म से लेकर उनकी शिक्षा और विवाह तक के लिए आर्थिक सहायता प्रदान करती है।
उन्होंने सभी को बेटियों के जन्म पर एक-एक पेड़ लगाने का संकल्प भी दिलाया।
उन्होंने कहा,
“बेटियां किसी भी तरह का बोझ नहीं हैं। उन्हें समाज में समान अधिकार प्राप्त है और वे हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकती हैं।”
नुक्कड़ नाटक और डायरी वितरण
कार्यक्रम में विभागीय योजनाओं के व्यापक प्रसार के लिए नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया, जिसमें बाल विवाह, लिंग भेदभाव और बाल अधिकारों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी रूप से प्रस्तुत किया गया।
साथ ही स्कूली छात्राओं के बीच विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी के लिए डायरी का वितरण भी किया गया।
बाल श्रम और शोषण पर भी दी गई जानकारी
कार्यशाला में बाल विवाह, बाल श्रम, शोषण के विरुद्ध संघर्ष, तथा कमजोर वर्गों के बच्चों की सुरक्षा, पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी साझा की गई।
कार्यक्रम में उपस्थित
कार्यक्रम में अंचल अधिकारी दिनेश मिश्रा, विद्यालय के शिक्षकगण, स्थानीय जनप्रतिनिधि, जेएसएलपीएस महिला समूह की सदस्याएं, स्कूली छात्र-छात्राएं एवं ग्रामीण बड़ी संख्या में मौजूद थे।