गोमिया। गोमिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के आउटसोर्सिंग कर्मियों द्वारा बकाया मानदेय सहित अन्य कई मांगों को लेकर सोमवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दिया है। इस संबंध में आउटसोर्सिंग कर्मियों ने बताया कि गोमिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आउटसोर्सिंग कर्मी राइडर सिक्युरिटी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड रांची के अधीन कार्यरत हैं। लेकिन पिछले छह माह से मानदेय का भुगतान नहीं किया गया है और बीते सात वर्षों से ईपीएफ एवं ईएसआई का कटौती नहीं किया गया है। इस बारे में पूर्व में कई बार कर्मियों द्वारा विभाग के जिला कार्यालय को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन इस बारे में आउटसोर्सिंग कर्मियों के प्रति कोई पहल नहीं किया गया। जिससे हम सभी कर्मियों के समक्ष आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। वहीं बच्चों के स्कूल फीस, ट्यूशन फीस एवं अन्य सामग्री के लिए किसी के मोहताज होना पड़ रहा है। अंत में बाध्य होकर हमलोगों को अपनी मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाना पड़ा है। मौके पर मो इम्तियाज आलम, हीरालाल रवानी, महेश महतो, नीतीश कुमार, सुरेश कुमार, रीना कुमारी,पुनीता कुमारी,सुजीत कुमार, दिलीप राम, उमा खलखो, प्रेमसागर प्रसाद,खुशबू कुमारी, राखी कुमारी,लक्ष्मी देवी, विकी कुमार, युगेश प्रसाद सहित कई कर्मी शामिल थे।
इस बारे में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ जितेंद्र कुमार ने बताया कि आउटसोर्सिंग कर्मियों के विभिन्न मांगो की सूचना जिला स्वास्थ्य विभाग को दे दिया गया है।