बरहरवा। राजमहल के निरीक्षण भवन में शनिवार को झामुमो नगर कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक नगर अध्यक्ष मो. आज़ाद की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में मुख्य रूप से झामुमो युवा मोर्चा के जिला सचिव सह विधायक प्रतिनिधि मो. मारूफ उर्फ़ गुड्डू विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक की शुरुआत संगठन विस्तार और नगर कमेटी की गतिविधियों की समीक्षा के साथ हुई। इस दौरान मो. मारूफ ने कार्यकर्ताओं को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि नगर के सभी वार्डों में जल्द से जल्द वार्ड कमेटियों का गठन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह के भीतर हर हाल में सभी वार्डों में कमेटी का गठन पूर्ण कर लिया जाए, ताकि संगठनात्मक ढांचा मजबूत हो सके और पार्टी की गतिविधियाँ जमीनी स्तर पर और प्रभावी तरीके से संचालित की जा सकें।
इसी क्रम में नगर महिला मोर्चा के गठन को लेकर भी गंभीरता से चर्चा की गई। पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के बीच महिला मोर्चा के विस्तार एवं सक्रियता को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। मो. मारूफ ने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने में महिला कार्यकर्ताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए महिला मोर्चा का गठन जल्द से जल्द पूरा किया जाए।
बैठक में संगठन की मजबूती, बूथ स्तर तक संरचना तैयार करने, कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने और आगामी कार्यक्रमों की योजना पर भी दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि झामुमो का जनाधार मजबूत है और इसे और सुदृढ़ करने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर सक्रिय भूमिका निभानी होगी।
बैठक में अब्दुल कादिर, स्मिथ चौरसिया, जय यादव, मो. रहिम समेत कई अन्य पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे। सभी ने मिलकर संगठन विस्तार और आगामी रणनीतियों को प्रभावी रूप से लागू करने पर सहमति जताई।