जमशेदपुर:-बुधवार को उपश्रमायुक्त कार्यालय के समक्ष मजदूरों ने विभिन्न मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व मजदूर नेता राजीव पांडेय ने किया सूत्रों ने बताया कि मेसर्स टाटा स्टील कंपनी परिसर स्थित न्यू बार मिल (ऑपरेशन ग्रुप) में कार्यरत मेसर्स विवेक कंस्ट्रक्शन के कर्मचारियों के फुल एंड फाइनल सेटलमेंट में गड़बड़ी, ओवरटाइम का बकाया भुगतान तथा दीपक प्रधान का गेट पास ब्लॉक किये जाने को मजदूरों में नाराजगी थी।
फलस्वरूप न्याय की गुहार लगाते हुए उपश्रमायुक्त को एक ज्ञापन सौंपा गया। कर्मचारियों ने बताया कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद कंपनी प्रबंधन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया है।
कर्मचारियों ने चेतावनी दिया कि यदि आगामी 15 दिनों के भीतर श्रमिकों की उपरोक्त मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया, तो मजदूर बाध्य होकर संवैधानिक और लोकतांत्रिक तरीके से 11 अक्टूबर को जुगसलाई थाना के निकट पावर हाउस गेट नंबर-3 (जेएमडी गेट) के समीप मेसर्स विवेक कंस्ट्रक्शन के विरुद्ध धरना देंगे।
उधर श्रम विभाग को ज्ञापन सौंपे जाने के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही नोटिस जारी कर मेसर्स विवेक कंस्ट्रक्शन को विभाग बैठक में अपना पक्ष रखने के लिए तथा औद्योगिक शांति बहाल करने के आमंत्रित कर सकती है।