बरहरवा। राधानगर थाना क्षेत्र के उधवा चौक स्थित एक सीमेंट-छड़ दुकान के समीप बुधवार को हाईटेंशन तार की चपेट में आने से एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक की पहचान मिठून शेख (21 वर्ष) के रूप में हुई है, जो गुमानी प्लासबोना गांव का निवासी है।
स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में युवक को इलाज के लिए एक निजी क्लीनिक पहुंचाया, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया। जानकारी के मुताबिक, मिठून शेख उधवा चौक से हाईस्कूल तक बन रहे पक्की नाला निर्माण कार्य में मजदूरी कर रहा था। इसी दौरान छड़-सीमेंट लाने के लिए वह उधवा चौक स्थित बियोन स्टील नामक दुकान पहुंचा।
दुकान से ट्रैक्टर ट्रॉली पर छड़ लोड करने के दौरान छड़ हाईटेंशन तार के संपर्क में आ गई, जिससे युवक ट्रॉली पर ही गिर पड़ा और उसके शरीर के कई हिस्से झुलस गए। घटना का वीडियो पास के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है।
दुकान के प्रोपराइटर मो. बियोन ने बताया कि हाईटेंशन तार जमीन से काफी कम ऊँचाई पर लटका हुआ है। इसको हटाने और ऊँचा करने के लिए उन्होंने कई बार बिजली विभाग को लिखित आवेदन दिया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी दो बार ऐसे हादसे हो चुके हैं।
इस संबंध में कनीय विद्युत अभियंता चंदन कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी विभाग को मिल गई है। उन्होंने कहा कि उक्त स्थान पर नया पोल लगाया गया है और तार को ऊँचा करने का कार्य जारी है।