बरहरवा। मंडरो प्रखंड के बड़तल्ला पंचायत में झामुमो सचिव हीरालाल यादव एवं अध्यक्ष मो. नैयर अंसारी के नेतृत्व में गुरुवार को एक श्रद्धा-समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर प्रधान संघ के जिला अध्यक्ष लच्छू मुर्मू के लोहड़बीड़ा स्थित आवास पर दिशोम गुरु शिबू सोरेन के श्राद्ध कार्यक्रम के उपरांत प्रसाद वितरण किया गया।
झामुमो नेताओं ने गुरुजी की तस्वीर के समक्ष श्रद्धा-सुमन अर्पित करते हुए प्रसाद थैले में भरकर प्रधानों और कार्यकर्ताओं के बीच वितरित किया। प्रसाद ग्रहण करते हुए जिला अध्यक्ष लच्छू मुर्मू भावुक हो उठे। उन्होंने कहा कि “गुरुजी अब हमारे बीच शारीरिक रूप से नहीं हैं, लेकिन उनका त्याग, तपस्या और संघर्ष हमेशा युगों-युगों तक याद किया जाएगा। उन्होंने हम प्रधान आदिवासियों को बोलने की आवाज दी, राज्य में सुख-शांति और सम्मानजनक जीवन दिया। वास्तव में गुरुजी का देहावसान नहीं हुआ, वे अमर हैं और आज भी हमारे बीच मौजूद हैं।”
लच्छू मुर्मू ने आगे कहा कि गुरुजी की नीतियों, विचारों, कृतियों और मूल्यों को अपनाना ही सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने उपस्थित सभी से आह्वान किया कि वे उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लें।
इस अवसर पर कुल 16 प्रधानों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। कार्यक्रम में झामुमो के कई कार्यकर्ता एवं स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।