लातेहार। मिशन बुनियाद कार्यक्रम के अंतर्गत जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों को सशक्त और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा केंद्र बनाने के उद्देश्य से सोमवार से समूहवार प्रशिक्षण का आयोजन प्रारंभ किया गया। इसकी जानकारी जिला समाज कल्याण पदाधिकारी अल्का हेंब्रम ने दी।
उन्होंने बताया कि इस प्रशिक्षण के तहत आंगनबाड़ी सेविकाओं को केंद्र संचालन, बाल व्यवहार सुधार, और शिक्षण पद्धति की जानकारी दी जा रही है, ताकि बच्चों का समग्र मानसिक और बौद्धिक विकास सुनिश्चित हो सके। प्रशिक्षण का संचालन जिला समन्वयक जयश्री कुमारी द्वारा किया जा रहा है।
35 सेक्टरों की 965 सेविकाएं होंगी शामिल
मिशन बुनियाद के तहत जिले के 35 सेक्टरों की कुल 965 सेविकाओं को चरणबद्ध रूप में प्रशिक्षित किया जाना है। इसके लिए प्रत्येक 35 सेविकाओं का एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया गया है, जिसमें प्रतिदिन शाम को अगले दिन के लिए ऑडियो/वीडियो क्लिप साझा की जाती है। इसमें बताया जाता है कि बच्चों को अगली सुबह क्या सिखाया जाएगा और कैसे पढ़ाया जाएगा।
प्रखंड कार्यालय के सभागार में आयोजित प्रशिक्षण सत्र के दौरान जिला समन्वयक जयश्री कुमारी ने सेविकाओं को समूहों में विभाजित कर बच्चों के मानसिक, बौद्धिक एवं सामाजिक विकास पर आधारित गतिविधियों की विस्तार से जानकारी दी।