संवाददाता: दिनेश यादव, सतबरवा,
पलामू: सतबरवा प्रखंड के खामडीह गांव के दर्जनों रैयत किसान अपनी समस्याओं को लेकर पलामू लोकसभा के सांसद विष्णु दयाल राम से उनके आवास पर मिले। किसानों ने अपनी पीड़ा को लेकर सांसद को लिखित आवेदन भी सौंपा और समस्या से अवगत कराया।
किसानों की बात सुनने के बाद सांसद विष्णु दयाल राम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों से संपर्क साधा। उन्होंने अधिकारियों को लापरवाही के लिए फटकार लगाते हुए कहा कि किसानों के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सांसद ने कहा, “किसान अन्नदाता हैं। आज हम सबकी जिंदगी उन्हीं पर निर्भर है। यदि उन्हीं के साथ अत्याचार होगा, तो यह दुर्भाग्यपूर्ण है।”
सांसद ने मौके पर ही एनएचआई के डीएम रांची से फोन पर बात कर समस्या की जानकारी दी और किसानों को शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
मौके पर समाजसेवी राजबली यादव, आशीष कुमार सिन्हा, किशोर साव, सोनू कुमार, अनुज कुमार, मदन साव, मुनेश्वर साव, अरुण कुमार सहित अनेक ग्रामीण उपस्थित थे।