jharkhand:-राज्य में हीटवेव का कहर लगातार जारी है। चार जिले गोड्डा, पाकुड़, साहिबगंज और सिमडेगा को छोड़ बाकी जिलों में हीटवेव को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। यह पहली बार है कि जब पूरे राज्य का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास ही रह रहा है।मौसम विज्ञान केंद्र रांची द्वारा जारी पूर्वानुमान की बात करें तो रांची, रामगढ़, चतरा, हजारीबाग, बोकारो, धनबाद और गिरिडीह में हीटवेव का असर देखा जा रहा है। सरायकेला खरसावां, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, गढ़वा और पलामू में सर्वाधिक हीटवेव का असर रहा लोग बाहर निकलने से परहेज कर रहे हैं और मानसून का इंतजार कर रहे हैं।
सर्वाधिक तापमान 45.2 डिग्री सेल्सियस डाल्टनगंज का रिकार्ड किया गया है। मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि 15 से 17 जून तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में तेज गर्मी का असर रहेगा।राज्य में कहीं कहीं वज्रपात होने की भी संभावना है इसे लेकर यलो और आरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं राजधानी रांची में 15 से 20 जून के मध्य सामान्य रूप से बादल छाए रहने और एक या दो बार हल्की वर्षा होने की संभावना बनी है। लेकिन गर्मी का प्रकोप कुछ ऐसा है कि बादल संघनित नहीं हो पा रहा है।