झारखंड :-संचालित 80 मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों में नामांकन हेतु अब अभिभावक ऑनलाइन भी आवेदन कर सकेंगे. सोमवार को राज्य शिक्षा परियोजना निदेशक किरण कुमारी पासी ने एडमिशन के लिए वेब पोर्टल (https://www.soeadmission.in )लांच किया.इस ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से छात्र और अभिभावक 3 मार्च तक शैक्षणिक सत्र 2024-25 के लिए ऑनलाइन आवेदन फॉर्म भरकर जमा कर सकेंगे.
मेधा क्रम के आधार पर होगा चयन
राज्य में संचालित सभी मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों में नामांकन कराने के लिए दिनांक 19 फरवरी, 2024 से आवेदन फॉर्म जमा लिए जा रहे हैं. आवेदन फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि दिनांक 3 मार्च, 2024 निर्धारित की गयी है. इन स्कूलों में विद्यार्थियों के प्रवेश के लिए जिला स्तरीय चयन समिति द्वारा परीक्षा ली जायेगी. परीक्षा के उपरांत मेधा क्रम के आधार पर नामांकन के लिए बच्चों का चयन होगा. जिला स्तरीय चयन समिति द्वारा ली जाने वाली परीक्षा के लिए झारखंड शैक्षणिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद द्वारा प्रश्न पत्र तैयार किये जाएंगे.