रांची:- झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को अमानवीय तरीके से तहखाने में रखने का आरोप ईडी पर लगाया है।महासचिव सह प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि जहां हेमंत सोरेन को रखा गया है, वहां हवा और रोशनी नहीं आती। यह अमानवीयता है। पहली बार ऐसा हुआ होगा कि लगातार 13 दिनों का रिमांड दिया गया है। इससे बेहतर होता कि एक बार 14 दिनों का रिमांड ईडी मांग लेती। ईडी अब मीडिया ट्रायल करा रही है।उन्होंने कहा कि हमारे नेता के खिलाफ बड़ी साजिश की गई। 15 फरवरी से पंचायत स्तर पर इसका विरोध आरंभ होगा। यह तबतक चलेगा, जबतक हेमंत सोरेन के विरुद्ध साजिश की असलियत सामने नहीं आ जाती। इनका काम है कि राजनीतिक विरोधियों को तंग करो।हेमंत सोरेन ने अपने काम से जो लंबी लकीर खींची है, उसे ये मिटा नहीं सकेंगे। यही वजह है कि वे कुचक्र रच रहे हैं। मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने भी रफ्तार पकड़ी है।