पाकुड़ में 30 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ सूरज कुमार दुबे गिरफ्तार,बंगाल तक जुड़े नेटवर्क की होगी जांच
माल गोदाम रोड पर पुलिस की छापेमारी से मचा हड़कंप, भागने के दौरान पकड़ा गया आरोपी:आईफोन, 5,320 रुपये नकद और ग्लैमर बाइक जब्त

रिपोर्ट : निशांत कुमार सानू,
पाकुड़। मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ पाकुड़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 30 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान हिरणपुर थाना क्षेत्र के हाथकाठी निवासी सूरज कुमार दुबे के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से ब्राउन शुगर के अलावा एक आईफोन, 5,320 रुपये नकद और ग्लैमर बाइक जब्त की है। प्रारंभिक पूछताछ में ब्राउन शुगर की आपूर्ति बंगाल से होने की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अब इस कारोबार से जुड़े नेटवर्क की पड़ताल में जुट गई है। एसपी अनुदीप सिंह ने प्रेस वार्ता कर कार्रवाई की जानकारी दी।
गुप्त सूचना पर छापेमारी, पुलिस को देखते ही भागने लगा आरोपी
एसपी ने बताया कि नगर थाना क्षेत्र के माल गोदाम रोड में मादक पदार्थ की अवैध बिक्री की सूचना मिली थी। इसके बाद एसडीपीओ कुमार गौरव के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई। टीम ने सूचना के आधार पर मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगा, लेकिन पुलिस जवानों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 30 ग्राम ब्राउन शुगर समेत अन्य सामान बरामद किए गए।

आईफोन से नकदी तक बरामद, पांच मामलों में भी दर्ज है नाम
पुलिस ने आरोपी के पास से एक आईफोन मोबाइल, 5,320 रुपये नकद और एक ग्लैमर बाइक भी जब्त की है। पुलिस के मुताबिक, सूरज कुमार दुबे के खिलाफ हिरणपुर और पाकुड़िया थाना में पहले से करीब पांच कांड दर्ज हैं। पुलिस अब उसके आपराधिक रिकॉर्ड और मादक पदार्थों के कारोबार में उसकी भूमिका की पड़ताल कर रही है।
बंगाल के सप्लायर तक पहुंचेगी पुलिस, नेटवर्क पर अगला वार
पूछताछ में आरोपी ने ब्राउन शुगर बंगाल से लाने की बात बताई है। उसने कथित तौर पर उस व्यक्ति का नाम भी उजागर किया है, जिससे वह मादक पदार्थ लेकर आ रहा था। एसपी अनुदीप सिंह ने कहा कि पुलिस बंगाल जाकर भी कार्रवाई करेगी। अब जांच का फोकस केवल गिरफ्तार आरोपी तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि कथित आपूर्तिकर्ता और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उन पर भी कार्रवाई की जाएगी।
आरोपी के खिलाफ नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। छापेमारी टीम में अंचल निरीक्षक तनुजा पूजाहर, नगर थाना प्रभारी जान मुर्मू, कन्हैया कुमार यादव, रवि शर्मा, सनी सुप्रभात, अभिषेक कुमार सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
![]()





