पाकुड़ में डीसी मेघा भारद्वाज ने लाभुक को सौंपी घर की चाबी, पीएम-जनमन से साकार हुआ सपना
पीएम-जनमन के तहत कविता पहाड़िया का सपना हुआ साकार, प्रेशर कुकर और शॉल देकर बढ़ाया उत्साह; जिलेभर में सैकड़ों परिवारों ने किया नए घर में गृह प्रवेश

रामचन्द्रपुर पहुंचीं डीसी मेघा भारद्वाज, लाभुक को अपने हाथों से सौंपी नए घर की चाबी
पाकुड़ ब्यूरो संवाददाता। किसी गरीब परिवार के लिए पक्का मकान सिर्फ चार दीवारें और छत नहीं, बल्कि सुरक्षित भविष्य, सम्मान और सुकून का प्रतीक होता है। वर्षों से पक्के मकान का सपना संजोए कविता पहाड़िया के लिए बुधवार का दिन यादगार बन गया। प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम-जनमन) के तहत उनका पक्के मकान का सपना साकार हुआ। अब परिवार को कच्चे मकान में मौसम की मार झेलने की मजबूरी नहीं रहेगी।
झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत पाकुड़ प्रखंड की नरोत्तमपुर पंचायत अंतर्गत रामचन्द्रपुर गांव में गृह प्रवेश कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त मेघा भारद्वाज स्वयं गांव पहुंचीं और पीएम-जनमन की लाभुक कविता पहाड़िया को नवनिर्मित आवास की चाबी अपने हाथों से सौंपी। इसके बाद विधिवत गृह प्रवेश कराया गया। डीसी की इस पहल से परिवार की खुशियां दोगुनी हो गईं।

चाबी सौंपकर डीसी ने किया सम्मानित, उपहार देकर बढ़ाया उत्साह
गृह प्रवेश के दौरान उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कविता पहाड़िया को प्रेशर कुकर और शॉल भेंटकर सम्मानित किया। उन्होंने परिवार को नए घर में सुखमय एवं खुशहाल जीवन की शुभकामनाएं दीं। वर्षों पुराना सपना पूरा होने पर कविता पहाड़िया के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी। उन्होंने पक्का मकान उपलब्ध कराने के लिए सरकार और जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया।
अंतिम पंक्ति के परिवारों तक विकास पहुंचाने का प्रयास
प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम-जनमन) का उद्देश्य विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (पीवीटीजी) के परिवारों को पक्का आवास और अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इस अभियान के माध्यम से वंचित परिवारों को सुरक्षित आवास देकर उनके जीवन स्तर में सुधार और सम्मानजनक जीवन सुनिश्चित करने की दिशा में प्रयास किया जा रहा है।
जिले के सभी प्रखंडों में गृह प्रवेश, सैकड़ों परिवारों में खुशी
झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत पाकुड़ जिले के सभी प्रखंडों में गृह प्रवेश कार्यक्रम आयोजित किए गए। अबुआ आवास योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और पीएम-जनमन आवास योजना के तहत नवनिर्मित मकानों की चाबियां लाभुकों को सौंपी गईं। प्रखंड विकास पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में लाभुक परिवारों ने विधिवत अपने नए आशियाने में प्रवेश किया।
कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी, जिला समन्वयक (आवास), पंचायत सचिव, मुखिया सहित अन्य पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित थे।
![]()





